Bareilly News: स्मैक तस्करी के आरोपी भाइयों को रिमांड पर लेकर की जाएगी पूछताछ, कई राज्यों में फैला है नेटवर्क
स्मैक तस्करी के आरोपी कैफे संचालक जगजीत उर्फ कपिल और उसके भाई गुरप्रीत उर्फ गोपी ने पिछले दिनों सरेंडर किया था। दोनों को जेल भेजा जा चुका है। आरोपियों का नेटवर्क पता लगाने के लिए अब एएनटीएफ इनको रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के संजयनगर मेगा सिटी निवासी स्मैक तस्करी के आरोपी कैफे संचालक जगजीत उर्फ कपिल और गुरप्रीत उर्फ गोपी को रिमांड पर लेकर लखनऊ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) पूछताछ करेगी। दोनों भाई पिछले दिनों सरेंडर करके जेल जा चुके हैं। इनका नेटवर्क कई राज्यों में फैला है।
जुलाई में नगालैंड पुलिस के इनपुट पर मेरठ एएनटीएफ ने जगजीत उर्फ कपिल और गुरप्रीत उर्फ गोपी के घर छापा मारा था। टीम ने गुरप्रीत की बहन सिमरन और असम से हेरोइन की डिलीवरी देने आई विमोद करमाकर की पत्नी प्रियंका दास को गिरफ्तार किया था।
संबंधित खबर- UP News: बरेली में हेरोइन लेकर आई असम की महिला समेत दो गिरफ्तार, कैफे संचालक व उसके भाई की तलाश
प्रियंका से 211 ग्राम हेरोइन और सिमरन के पास से 265 ग्राम अफीम बरामद हुई थी। सिमरन की निशानदेही पर गुरप्रीत और जगजीत के घर से तमंचा व कार आदि मिला था। बारादरी थाने में मामला दर्ज कर प्रियंका दास और सिमरन को जेल भेज दिया था। जगजीत और गुरप्रीत दोनों भाई भाग गए थे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार दोनों भाइयों का नेटवर्क कई राज्यों में फैला है। बड़े नेटवर्क का इनपुट मिलने पर विवेचना बारादरी पुलिस से लेकर एएनटीएफ मेरठ इकाई को दी गई थी।
ये आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
जांच में पता चला कि इनके गिरोह में हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा थाने के गांव सोंटी निवासी गुरमेल सिंह, मणिपुर के जिला सेनापति के एच सोन्टो, असम के जिला कारवीं आमलोंग के थाना बोकोजान निवासी विमोद कर्माकर और पश्चिम बंगाल के थाना वैष्णो नगर मालदा के मोहल्ला टेटीचाई पारा निवासी तोहद्दुल शेख शामिल हैं। इनमें गुरमेल सिंह मथुरा में तीन किलो अफीम के साथ जुलाई में गिरफ्तार हो गया था। वहीं एच सोन्टो, विमोद कर्माकर और तोहद्दुल शेख नगालैंड दीमापुर में गिरफ्तार हो चुके थे।
गुवाहाटी जेल में गिरोह से हो गई दोस्ती
बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि तीनों आरोपियों की निशानदेही पर बारादरी क्षेत्र में छापेमारी की गई। तीनों ने गुरप्रीत और जगजीत के बारे में नगालैंड पुलिस को बताया था। नगालैंड पुलिस ने लखनऊ एनएनटीएफ मुख्यालय से इनपुट साझा किया। इसके आधार पर विमोद कर्माकर की पत्नी प्रियंका दास का मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाकर पीलीभीत बाइपास से गिरफ्तार किया था और मेगा सिटी से सिमरन को पकड़ा था। तब से भूमिगत हुए जगजीत और गुरप्रीत कुछ दिन पहले सरेंडर कर जेल जा चुके हैं।
मथुरा और नगालैंड में गिरफ्तार हुए तस्करों को यहां एनडीपीएस कोर्ट में तलब किया गया है। जगजीत और गुरप्रीत को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। दोनों भाई असम, पश्चिम बंगाल और हरियाणा के तस्करों से मादक पदार्थ मंगाकर कैफे की आड़ में सप्लाई करते थे। जगजीत तस्करी के मामले में गुवाहटी जेल में बंद रहा था। वहीं गिरोह में शामिल लोगों से उसकी दोस्ती हो गई थी।