Bareilly News: कांवड़ यात्रा में न पड़े कोई खलल, ध्यान रखें अफसर; एडीजी ने नौ जिलों की पुलिस को दिए निर्देश
एडीजी पीसी मीना ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए नौ जिलों के पुलिस अफसरों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा में कोई व्यवधान न आए। इसके लिए अधिकारी अभी से बंदोबस्त दुरुस्त कर लें।
विस्तार
बरेली जोन के एडीजी पीसी मीना ने अपने कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर नौ जनपदों बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर, पीलीभीत, मुरादाबाद, अमरोहा, सम्भल, रामपुर और बिजनौर के पुलिस अफसरों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा में कोई व्यवधान न आए। इसके लिए अधिकारी अभी से बंदोबस्त दुरुस्त कर लें। लापरवाही हुई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा व मुहर्रम को लेकर हर थाना क्षेत्र में धर्म गुरुओं, व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर ली जाए। नए रूट से कांवड़ यात्रा न निकाली जाए। क्यूआरटी का गठन कर लें। फुट पेट्रोलिंग जरूर करें। सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर कार्रवाई करें। बैठक में आईजी रेंज डॉ. राकेश सिंह, बरेली के एसएसपी प्रभाकर चौधरी व एसपी सिटी राहुल भाटी भी मौजूद रहे।
भारी वाहनों को रूट डायवर्ट किया जाएगा डायवर्ट
बरेली पुलिस ने सावन में कांवड़ यात्रा के चलते भारी वाहनों के रूट डायवर्जन का प्लान तैयार किया है। जिसके तहत सावन के प्रत्येक शुक्रवार शाम से सोमवार शाम तक भारी वाहनों का रूट डायवर्ट किया जाएगा। सावन का पहला सोमवार इस बार 10 जुलाई को अंतिम 29 अगस्त को पड़ रहा है।
15 जुलाई को सावन का शिवरात्रि पर्व होगा। इस दिन के लिए बदायूं के कछला गंगाघाट के अलावा हरिद्वार और गढ़मुक्तेश्वर से शिवभक्त कांवड़ लेकर आते हैं। शिवरात्रि के मद्देनजर 12 से 15 जुलाई रात दस बजे तक भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से पास किया जाएगा।