Rajpal Yadav: फिल्म बनाने में कर्ज में डूबते चले गए राजपाल यादव, जेल भी जाना पड़ा... अब सील हुई संपत्ति
शाहजहांपुर में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की टीम ने ऋण अदा नहीं करने पर बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव की कचहरी के पास सेठ इंक्लेव कॉलोनी में स्थित करोड़ों रुपये की संपत्ति सील कर दी। कर्ज लेते वक्त अभिनेता ने जिले में स्थित संपत्ति के कागज लगाए थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शाहजहांपुर के रंगकर्म से लेकर बॉलीवुड तक अपनी अभिनय क्षमता का लोहा मनवाने वाले राजपाल यादव फिल्म अता पता लापता बनाने के बाद से कर्ज के जाल में फंसते चले गए। एक उद्यमी से लिया कर्ज नहीं चुका पाए तो जेल जाना पड़ गया। वहीं, अब बैंक से लिया कर्ज न चुका पाने पर पिता के नाम दर्ज करोड़ों की संपत्ति सील कर दी गई है।
बंडा के छोटे से गांव कुंडरा से निकलकर बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाने वाले राजपाल यादव को जंगल फिल्म से पहचान मिली थी। इसमें उनके छोटे से रोल ने उन्हें खासी प्रसिद्धि दिलाई थी। इसके बाद राजपाल ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। कई फिल्मों में उनके निभाए किरदार आज तक लोगों के दिलोदिमाग में छाए हुए हैं। बाद में उन्होंने अभिनय के साथ ही फिल्म प्रोडक्शन में भी हाथ आजमाने का फैसला किया। 2010 में उन्होंने फिल्म अता पता लापता बनानी शुरू की। फिल्म बनाने के दौरान शाहजहांपुर के कई लोगों को भी राजपाल ने मौका दिया था।
संबंधित खबर- कब तक चलता रहेगा कूलर: कर्ज न चुकाने पर एक्टर राजपाल की करोड़ों की संपत्ति सील, बैंक वालों ने घर पर लगाया ताला
ब्याज पर लिए थे पांच करोड़ रुपये
फिल्म बनी लेकिन कब आकर चली गई, पता नहीं चला। इसके बाद से राजपाल यादव कर्ज चुकाने में पिछड़ते चले गए। मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर उद्योगपति माधौगोपाल अग्रवाल से राजपाल यादव ने 2010 में फिल्म अता पता लापता बनाने के लिए पांच करोड़ रुपये ब्याज पर लिए थे। ब्याज समेत जब रकम 10 करोड़ पहुंच गई तो उन्होंने वापस करने के लिए कहा।
कई बार कहने के बाद राजपाल ने पांच करोड़ रुपये का चेक दिया जो बाउंस हो गया, तब कंपनी ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। मामले में राजपाल को जेल भी जाना पड़ा था। एसपी सिटी संजय कुमार ने बताया कि राजपाल की संपत्ति सील किए जाने की उनको जानकारी नहीं है।
सोशल मीडिया पर छाया मुद्दा
राजपाल के पिता के नाम दर्ज संपत्ति बैंक द्वारा सील किए जाने के बाद सोशल मीडिया पर मुद्दा छाया रहा। कई लोगों ने राजपाल के समर्थन में कमेंट किए। उनका कहना था कि राजपाल यादव ने शाहजहांपुर की पहचान बॉलीवुड तक बनाई है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.