UP News: बरेली में धर्म परिवर्तन का आरोपी महमूद बेग गिरफ्तार, हाईकोर्ट में पेश करेंगे एसएसपी
बरेली में धर्म परिवर्तन के आरोपी महमूद बेग को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी सोमवार को उसे हाईकोर्ट में पेश करेंगे।
विस्तार
बरेली में धर्म परिवर्तन कराने वाले गिरोह का सक्रिय सदस्य महमूद बेग हाईकोर्ट की सख्ती के बाद रविवार दोपहर बाद गिरफ्तार कर लिया गया। रिमांड मिलने के बाद टीम उसे लेकर प्रयागराज रवाना हो गई। वहां सोमवार को एसएसपी आरोपी महमूद को उच्च न्यायालय की खंडपीठ के समक्ष पेश करेंगे। इसके लिए अनुमति भी मिल गई है।
गांव रहपुरा चौधरी निवासी महमूद बेग के खिलाफ 26 अगस्त को भुता थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने खुलासा किया था कि फैजनगर के मदरसे में नेत्रहीन प्रवक्ता प्रभात का धर्मांतरण व खतना कराने की तैयारी थी। सरगना अब्दुल मजीद समेत चार लोगों को जेल भेजा गया था। महमूद बेग फरार था। उसका बेटा मुसब्बिर व पत्नी परवीन पुलिस पर महमूद को 20 अगस्त से अवैध हिरासत में रखने का आरोप लगा रहे थे। उनकी अर्जी पर हाईकोर्ट ने एसएसपी को आदेश दिया था कि आठ सितंबर को महमूद को पेश करें।
पुलिस के पास महमूद के खिलाफ सबूत
इधर, महमूद बेग को वांछित बताकर सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर बहेड़ी के पास से महमूद की गिरफ्तारी की गई। उसे रिमांड कोर्ट में पेश किया गया। वहां से न्यायिक अभिरक्षा स्वीकृत होने पर पुलिस फिलहाल महमूद को प्रयागराज ले गई है। वहां एसएसपी अनुराग आर्य पहले ही पहुंच चुके हैं। सोमवार को एसएसपी उसे हाईकोर्ट में पेश करेंगे। सूत्रों के मुताबिक पुलिस के पास गिरोह व महमूद बेग की गतिविधियों के काफी साक्ष्य मौजूद हैं।