बरेली में हादसा: कासगंज जा रही रोडवेज बस में लगी आग, जान बचाने को खिड़कियों से कूदे यात्री, पांच चोटिल
कासगंज डिपो की अनुबंधित बस में 39 यात्री सवार थे। शाम करीब 7:40 बजे बस के भमोरा के पास पहुंचते ही चालक की सीट के पास शॉर्ट सर्किट हो गया। इससे बस में आग लग गई। आग लगते ही बस में चीख-पुकार मच गई।
विस्तार
बरेली के भमोरा क्षेत्र में सोमवार शाम को कासगंज डिपो की अनुबंधित बस में आग लगने से यात्रियों की जान खतरे में पड़ गई। चीख-पुकार के बीच जान बचाने के लिए खिड़कियों से कूदने के दौरान महिला सहित पांच यात्री चोटिल भी हो गए।
ग्रामीणों ने किसी तरह से आग पर काबू पाया। कई यात्रियों का सामान भी जल गया। चालक-परिचालक की सूचना पर बरेली से तकनीकी स्टाफ मौके पर पहुंचा। सूचना कासगंज डिपो के एआरएम समेत अन्य अधिकारियों को दे दी गई है।
कासगंज डिपो की अनुबंधित बस (यूपी-81 ईटी 4250) कासगंज से सोमवार को शाम छह बजे बरेली के पुराने रोडवेज बस अड्डा आई थी। बस पर चालक संजय कुमार और परिचालक हुकुम सिंह की ड्यूटी थी।
बरेली से शाम सात बजे चली थी बस
पुराना रोडवेज बस अड्डा से यह बस कासगंज के लिए देर शाम सात बजे चली। बस में बदायूं और कासगंज समेत अन्य स्थानों के 39 यात्री थे। शाम करीब 7:40 बजे के आसपास बस के भमोरा के पास पहुंचते ही चालक की सीट के पास शॉर्ट सर्किट हो गया। बस की रफ्तार तेज थी। ऐसे में हवा के कारण आग जल्द बढ़ गई।
जब तक चालक ने बस को रोका तब तक बस में लपटें उठने लगीं और धुआं भर गया। बस रुकते की यात्री खिड़कियों से कूदने लगे। इसमें एक महिला समेत पांच यात्री चोटिल भी हो गए। पास ही वीरेश के घर में सबमर्सिबल लगा था। इसके जरिये ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। यात्रियों को दूसरी बस से भेजा गया।
सेवा प्रबंधक धनजीराम ने कहा कि कासगंज डिपो की अनुबंधित बस में शॉर्ट सर्किट की सूचना पर तकनीकी टीम को मौके पर भेजा गया। टीम ने जांच की है। कासगंज डिपो के अधिकारियों से बात की गई है। उनको इस संबंध में रिपोर्ट भेजी जाएगी। किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।