सेहत से खिलवाड़: बरेली के 12 थोक विक्रेताओं ने खपाई नकली दवा, अब बिल खोलेंगे काले कारोबार का राज
बरेली के 12 थोक विक्रेता नकली दवाएं खपाते रहे। कुछ विक्रेता संदिग्ध दवाओं का जखीरा आगरा के बंसल मेडिकोज को लौटाने में भी कामयाब हो गए। अब विभाग दवाओं की खरीद और बिक्री के बिल खंगालने में जुटा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नकली दवा के सौदागरों की सूची आगरा से बरेली पहुंचने तक यहां के 12 थोक विक्रेता नकली दवाएं खपाते रहे। कुछ विक्रेता संदिग्ध दवाओं का जखीरा आगरा के बंसल मेडिकोज को लौटाने में भी कामयाब हो गए। हैप्पी मेडिकोज इसमें कामयाब होते-होते रह गई। हालांकि, अफसरों तक इस काले कारोबार की जानकारी पहुंचने से पहले ही हैप्पी मेडिकोज भी काफी मात्रा में संदिग्ध दवाओं को ठिकाने लगा दिया था। जो थोड़ा-बहुत माल बचा था, वह भी लौटाने की तैयारी थी, पर वह ट्रांसपोर्ट से दबोच लिया गया।
संयुक्त आयुक्त औषधि संदीप कुमार का कहना है कि उन्हें आगरा से बरेली के जिन 17 मेडिकल स्टोरों की सूची मिली है, उनमें पांच के अलावा अन्य के पास संदिग्ध दवाएं नहीं मिली हैं। जाहिर है कि इन लोगों ने या तो संदिग्ध दवाओं को बाजार में खपा दिया है, या खेप आगरा के बंसल मेडिकोज को लौटा दी है। सभी 17 थोक कारोबारियों से दो साल में दवाओं की खरीद-बिक्री का रिकॉर्ड मांगा है।
यह भी पढ़ें- UP News: बरेली में पांच थोक कारोबारियों के यहां से संदिग्ध दवाओं का जखीरा बरामद, बड़ी कार्रवाई की तैयारी
रिकॉर्ड मिलने पर जांच की जाएगी कि इन विक्रेताओं ने कहां-कहां से कितनी मात्रा में कौन-कौन सी दवाएं खरीदीं और उनको कहां बेचा? भुगतान कैसे किया? अगर दवाएं लौटाई गईं तो किस ट्रांसपोर्ट का प्रयोग किया गया? उसके प्रपत्र एकत्र करेंगे। राज्यकर विभाग (जीएसटी) से भी इन कारोबारियों का रिकॉर्ड लेकर इस खेल को सार्वजनिक किया जाएगा। जिन खुदरा व्यापारियों ने इन थोक विक्रेताओं के यहां से दवाएं ली हैं, उन्हें भी नोटिस जारी कर ब्योरा तलब करेंगे। औषधि निरीक्षकों ने रैंडम तौर पर इसकी जांच शुरू भी कर दी है।
इन थोक मेडिकल स्टोरों की आगरा से आई थी सूची
वैष्णो इंटरप्राइजेज, लखनऊ ड्रग एजेंसी, शिवा मेडिकोज, हैप्पी मेडिकोज, किशोर मेडिकल एजेंसी, दुआ मेडिकल, जितेंद्र इंटरप्राइजेज, कोमल मेडिकोज, माधव मेडिकोज, साहनी मेडिकल, मुनीश फार्मा, सैनविक फार्मास्युटिकल्स, गुनीना फार्मास्युटिकल्स, हेल्थ फार्मास्युटिकल्स, जय बाबा की फार्मा, बरेली फार्मा समेत 17 फर्मों की सूची आगरा से बरेली के अधिकारियों को मिली है।