बाराबंकी: गुजरात से युवती खरीदने पहुंचे आठ गिरफ्तार, 80 हजार रुपये में हुआ था सौदा
बाराबंकी में एक ससुर ने अपनी बहू को गुजरातियों को 80 हजार रुपये में बेच दिया। हालांकि, पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
विस्तार
गुजरात प्रदेश के आठ लोगों को महिला थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन सभी पर आरोप है कि वे यहां पर एक युवती की खरीददारी के लिए पहुंचे थे। पुलिस ने इनके खिलाफ केस दर्ज कर जेल भेज दिया है।
एएसपी उत्तरी अवधेश सिंह ने रविवार को पुलिस लाइन सभागार में पत्रकार वार्ता में बताया कि शनिवार रात वादी प्रिंस वर्मा निवासी मल्लापुर थाना रामनगर ने महिला थाना पर सूचना दी कि उसकी पत्नी को उसके पिता चंदराम वर्मा और गांव के ही रामू गौतम ने अपने साले से मिलकर गुजरात के साहिल पंचा और उसके साथ आये लोगों को 80 हजार में बेच दिया है। प्रिंस ने साथ ही यह भी बताया कि उसकी पत्नी को ले जाने के लिए गुजरात से आये लोग रेलवे स्टेशन बाराबंकी पर खड़े हैं।
इस सूचना पर महिला थाना पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। एसपी यमुना प्रसाद ने इसके लिए शहर कोतवाली व महिला थाना की संयुक्त पुलिस टीम का गठन किया। इसके बाद पुलिस ने रेलवे स्टेशन से आठ आरोपियों साहिल पंचा, पप्पू भाई शर्मा, अपूर्व पंचा, गीता बेन, नीता बेन, शिल्पा बेन, राकेश व अजय भाई पंचा सभी निवासी आडेव आदिनाथ नगर थाना उमेड़ा जिला अहमदाबाद (गुजरात) को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से प्रिंस वर्मा की पत्नी को पुलिस ने सकुशल छुड़ा लिया।
इस तरह हुआ साजिश का पर्दाफाश
पुलिस पूछताछ से प्रकाश में आया कि प्रिंस वर्मा गाजियाबाद में टैक्सी चलाता है। वर्ष 2016 से वह असम की एक युवती से बात करता था और वर्ष 2019 में युवती और प्रिंस वर्मा ने बाराबंकी के एक मंदिर में शादी कर ली और पत्नी को लेकर गाजियाबाद चला गया। मल्लापुर थाना रामनगर निवासी रामू गौतम लॉकडाउन में अहमदाबाद (गुजरात) से घर आया था।
इसी बीच रामू गौतम ने चंद्रराम वर्मा को अहमदाबाद गुजरात के एक साथी साहिल पंचा के बारे में बताया कि उसकी शादी नहीं हो रही है। रामू गौतम ने शादी कराने पर पैसे देने की बात चंद्रराम वर्मा से बतायी तो चंद्रराम ने रामू से अपनी बहू को बेच देने की बात कही।
इसी क्रम में चंद्रराम वर्मा ने प्रिंस से अपनी तबीयत खराब होने एवं बहू को गाजियाबाद से घर भेजने की बात कही जिस पर प्रिंस ने चार जून को अपनी पत्नी को गाजियाबाद से घर भेज दिया। इधर रामू गौतम ने साहिल पंचा को पैसे देने और शादी कराने के लिए बाराबंकी बुलाया जिसके बाद यह पूरी साजिश सामने आई।