बाराबंकी। पेट्रोल पंपों पर डीजल और पेट्रोल लेने के लिए लोगों की भीड़ जुट रही है। लोग तेल पाने के लिए लंबी लाइन में लग कर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। वहीं स्थिति पर नियंत्रण रखने के लिए जिलाधिकारी के आदेश के बाद सभी पूर्ति निरीक्षकों को क्षेत्र में उतार दिया गया है। स्थिति पर पूरी नजर रखी जा रही है और पल-पल की रिपोर्ट से डीएम को अवगत भी कराया जा रहा है। जिलाधिकारी ने साफ कहा कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
पेट्रोल और डीजल के दामों बढ़ोतरी और आने वाले दिनाें में कमी की आशंका को देखते हुए शुक्रवार को लोगों की भीड़ पंपों पर दिखी। लोग इसके लिए घंटों लाइन में लगे रहे। वहीं गैस एजेंसियों पर भी लोगों की लाइन देखी गई। हालांकि, स्थिति को साफ करते हुए जिला पूर्ति अधिकारी डॉ. राकेश तिवारी ने बताया कि जिले में 22 लाख 68 हजार लीटर पेट्रोल, 28 हजार 57 हजार लीटर डीजल सभी पेट्रोल पंपों पर उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि सभी पूर्ति निरीक्षक अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर पूरी रिपोर्ट दे रहे हैं, जिसे जिलाधिकारी को भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें। जिले में पेट्रोल, डीजल और गैस की कोई कमी नहीं है। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।