25 हजार उड़ाए
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बाराबंकी/लखनऊ। चौक इलाके में केजीएमयू के डेंटल कॉलेज के सामने रविवार दोपहर दो बदमाशों ने बाराबंकी के एक युवक को झांसा देकर जेब से 25 हजार रुपये उड़ा लिए। वह डेंटल कॉलेज में भर्ती भाई की दवा लेने निकला था। वारदात का शिकार बने युवक को दवा के लिए रिश्तेदारों के रुपये उधार लेने पड़े।
पुलिस के मुताबिक, बाराबंकी के कोठी थाने के गांव फिरोजाबाद निवासी अर्जुन साहू रविवार दोपहर 12 बजे डेंटल कॉलेज में भर्ती अपने भाई देशराज की दवा लेने निकला था। डेंटल कॉलेज के गेट से निकल कर मेडिकल स्टोर की तरफ बढ़ा था कि दो अजनबी युवकों ने उससे मेडिकल कॉलेज का पता पूछा। बताया कि उनकी मां भर्ती है। अर्जुन ने रास्ता बताया तो दोनों युवकों ने उससे पता लिख देने के अनुरोध के साथ पेन थमा दिया। अर्जुन ने पैंट की अगली जेब से कागज निकाला। इसके साथ नोटों का बंडल भी हाथ में आया। अर्जुन ने नोट जेब में रखे और पता लिखने लगा। इस बीच बदमाशों ने नोटों का बंडल उड़ा लिया। इसकी भनक लगते ही अर्जुन शोर मचाते हुए पीछे दौड़ा, लेकिन बदमाशों का कुछ पता नहीं चला। अर्जुन ने आसपास के लोगों की मदद से तलाश की और पुलिस को फोन किया। उसने बताया कि एक बदमाश ने लाल और दूसरे ने चेकदार शर्ट पहनी थी।
इंस्पेक्टर चौक आईपी सिंह ने बताया कि अर्जुन देरशाम तक रिपोर्ट दर्ज कराने नहीं आया था। इसके बावजूद पुलिस ने इलाके की सीसीटीवी फुटेज चेक करके बदमाशों की तलाश शुरू की। वारदात का शिकार बने अर्जुन का कहना है कि उसका भाई देशराज 14 जून को बाराबंकी में सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था। वह कई दिन से डेंटल कॉलेज में भर्ती है। इलाज के लिए रखे रुपये लुट जाने पर उसने लखनऊ में रहने वाले रिश्तेदारों को फोन किया। उनसे रुपये उधार लेकर दवा खरीद सका।