Barabanki Accident : गिरे पेड़ से टकरा कर बाइक सवार दो युवकों की मौत, हैदरगढ़-बाराबंकी मार्ग पर हुआ हादसा
हादसे को लेकर वन विभाग के कर्मचारियों की संवेदनहीनता सामने आई है। ग्रामीणों ने बताया कि यहां माली पद पर तैनात व्यक्ति को रेंज के ऑफिस में अटैच कर रखा गया है और चौकीदार को फॉरेस्ट गार्ड का प्रभार दिया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बाराबंकी जिले में सतरिख थाना क्षेत्र में तीन घंटे तक पेड़ आधी सड़क पर पड़ा रहा। वन विभाग के अधिकारियों ने फोन तक नहीं उठाया। देर रात इसी पेड़ से टकराकर बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। परिजन सड़क पर रोते-बिलखते रहे। इसके बाद आननफानन पहुंची पुलिस और वन विभाग की टीम ने पेड़ कटवा कर सड़क से हटवाया। इस दौरान करीब एक घंटे आवागमन बाधित रहा।
हैदरगढ़-बाराबंकी मार्ग पर सतरिख थाना क्षेत्र में नेवली झील के पास रविवार शाम करीब छह बजे बबूल का एक पेड़ सड़क पर गिर गया। सड़क का थोड़ा हिस्सा ही बचा था। बसें व चार पहिया वाहन सड़क की पटरी से होकर गुजर रहे थे। इस दौरान करौंदी गांव के एक व्यक्ति ने हरख के वन क्षेत्राधिकारी को कॉल कर मोबाइल से सूचना देनी चाही, मगर फोन नहीं उठा। तीन घंटे तक यही हालात रहे। रात करीब नौ बजे बाराबंकी से बाइक से आ रहे दो युवक पेड़ से जा टकराए। देखते ही देखते वहां भीड़ जुट गई। दोनों युवकों की मौत हो चुकी थी।
सूचना पाकर जैदपुर थाना क्षेत्र के अबहीपुर गांव के कुछ लोग मौके पर पहुंचे। युवकों की पहचान अबहीपुर गांव निवासी संतशरण (20) और बबलू (24) के रूप में हुई। कुछ ही देर में सूचना पाकर परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने कहा कि यदि समय रहते पेड़ को सड़क से हटा लिया गया होता तो दो जानें बच जातीं। इसे लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। रात करीब 10 बजे पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम हाउस के लिए भिजवाया।
जांच कर दोषियों पर होगी कार्रवाई
हादसे को लेकर वन विभाग के कर्मचारियों की संवेदनहीनता सामने आई है। ग्रामीणों ने बताया कि यहां माली पद पर तैनात व्यक्ति को रेंज के ऑफिस में अटैच कर रखा गया है और चौकीदार को फॉरेस्ट गार्ड का प्रभार दिया गया है। अक्सर ऐसी घटनाओं को संज्ञान में नहीं लिया जाता। घटना को लेकर डीएफओ रुस्तम परवेज ने बताया कि मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।