बाराबंकी। मतदाता सूची केे आधार से लिंक करने काम तेजी से जारी है। जिले में अब तक 50 फीसदी से अधिक अर्थात करीब 11 लाख से ज्यादा मतदाताओं के नाम आधार से लिंक हो गए हैं। इस कार्य में प्रदेश सातवें स्थान पर पहुंच गया है। डीएम द्वारा एडीएम को इसका जिम्मा सौंपे जाने के बाद इस कार्य में और तेजी आई है। अगर यही हाल रहा तो जिले में समय से पहले ही मतदाताओं को आधार से लिंक करने का कार्य पूरा हो जाएगा।
जिले में 22 लाख 89 हजार 929 मतदाता है। निर्वाचन आयोग के निर्देश के बाद शासन ने मतदाता सूची को आधार से लिंक करने के निर्देश दिए थे। इसके लिए एक अगस्त से 31 दिसंबर तक का समय निर्धारित किया गया है। इसे लेकर अभियान चल रहा है। बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मतदाताओं के घर-घर जाकर आधार नंबर एकत्र कर रहे हैं।
इसके बाद फार्म 6-बी भराया जा रहा है। इस काम में जिले के मतदाता अच्छा सहयोग कर रहे हैं। इसलिए 15 सितंबर तक जिले के 50 फीसदी मतदाता अपना आधार नंबर दे चुके हैं और उनके आधार कार्ड मतदाता सूची से लिंक कर दिये गए हैं। इस तरह से अब तक 11 लाख 18 हजार 480 मतदाता आधार से लिंक किए जा चुके हैं। इस मामले में प्रदेश की टॉप टेन सूची में जिला सातवें नंबर पर पहुंच गया है।
ये होंगे फायदे
मतदाता सूची को आधार से लिंक होने के बाद एक ही व्यक्ति का नाम विभिन्न स्थानों पर मतदाता सूची में दर्ज होने की समस्या से छुटकारा मिलेगा। एक बार आधार से जुड़ जाने के बाद मतदाता सूची डेटा सिस्टम नए पंजीकरण के लिए आवेदन होने पर पिछले पंजीकरण के बारे में तुरंत सतर्क कर देगा। इससे एक पारदर्शी मतदाता सूची बनेगी।
जिले में मतदाता सूची को आधार से लिंक करने का काम बहुत तेजी से चल रहा हैं। इसकी समय सीमा 31 दिसंबर निर्धारित है। जिस तेजी के साथ काम चल रहा है उससे समय से पहले कार्य पूरा होने की उम्मीद हैं। जागरूक मतदाता विभाग के पोर्टल पर जाकर मतदाता सूची से अपना आधार लिंक कर सकते हैं।
-राकेश कुमार सिंह, एडीएम