{"_id":"125-68480","slug":"Barabanki-68480-125","type":"story","status":"publish","title_hn":"दोबारा गैंगरेप पर जागी पुलिस, केस दर्ज","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दोबारा गैंगरेप पर जागी पुलिस, केस दर्ज
Barabanki
Updated Mon, 21 Oct 2013 05:39 AM IST
विज्ञापन
टिकैतनगर (बाराबंकी)। दरियाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव की किशोरी से तीन युवकों ने छह माह पूर्व सामूहिक दुराचार किया था लेकिन जब किशोरी अपने परिवारीजनों के साथ फरियाद लेकर थाने पहुंची तो बिना रिपोर्ट दर्ज किए उसे भगा दिया गया। पुलिस के इस रवैये से शह पाकर उन्हीं आरोपी युवकों ने किशोरी को गत 15 सितंबर को फिर से अगवा कर लिया और एक माह तक दुराचार करते रहे। किसी तरह से आरोपियों के चंगुल से 19 अक्तूबर को छूटी किशोरी भागकर घर पहुंची। इस मामले में पुलिस ने अब जाकर रविवार को तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। दरियाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव में गत चार अप्रैल को गांव के ही तीन युवक कालिया, तूफानी व गौतम एक 17 वर्षीय किशोरी को अगवा कर ले गए थे। आरोपियों ने दो दिन तक उसके साथ सामूहिक दुराचार किया और फिर छोड़ दिया। पीड़िता ने इसकी शिकायत उस समय पुलिस से की पर पुलिस ने न तो कोई कार्रवाई की और न ही इस मामले में कोई रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस के इस गैर जिम्मेदाराना रवैये के चलते ही आरोपियों के हौसले और बुलंद हो गए। इन्हीं तीनों युवकों ने गत 15 सितंबर को एक बार फिर किशोरी को अगवा कर लिया। तकरीबन एक माह से ज्यादा समय तक आरोपी उसके साथ दुराचार करते रहे। 19 अक्तूबर को किशोरी किसी तरह से आरोपियों के चुंगल से छूटकर अपने घर पहुंची। इस मामले की शिकायत लेकर एक बार फिर किशोरी थाने गई और तहरीर दी तब जाकर पुलिस ने रविवार को तीनों के खिलाफ दुराचार की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। थानाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
विज्ञापन