सूखे ने छीन ली खेतों में उर्वरा शक्ति
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बांदा। बुंदेलखंड में सूखे का खामियाजा किसानों को बाद में भी भुगतना पड़ रहा है। भीषण सूखे ने यहां के खेतों की मिट्टी से उर्वरक शक्ति लगभग खत्म कर दी है। ऐेसे में अब फसल पैदा करने का दारोमदार खाद पर ज्यादा रहेगा। मिट्टी में नाइट्रोजन और फास्फोरस का लगभग खात्मा हो गया है। पोटाश भी लगभग नाममात्र को बची है। मिट्टी की इस दुर्दशा का खुलासा कृषि विभाग द्वारा हाल ही में चित्रकूटधाम मंडल के चारों जिलों के एक लाख से ज्यादा खेतों की मिट्टी की जांच से हुआ है। बारिश न होने से सूखा पड़ गया। खेत परती पड़े रहे। जुताई-बुआई नहीं हुई। ज्यादातर स्थानों पर तो यह स्थिति कई सालों से बरकरार है। इसका सीधा असर खेत की मिट्टी पर पड़ा है। कृषि विभाग के मृदा परीक्षण विभाग ने हाल ही में चित्रकूटधाम मंडल के चारों जिलों में खेतों की मिट्टी के नमूने लिए थे।
इनका यहां मंडल मुख्यालय में स्थित लैब में परीक्षण किया गया। जांच करने वाले लैब टेक्नीशियन श्याम कुमार सिंह ने बताया कि चारों जिलों में एक लाख 11 हजार 816 मिट्टी के नमूने लिए गए। सबसे ज्यादा 37,942 नमूने बांदा जनपद के थे। हमीरपुर में 29,017, महोबा में 26,531 और चित्रकूट में 18,326 मिट्टी के नमूने लिए गए। इन सबकी जांच हुई। सभी नमूनों में उर्वरा शक्ति की स्थिति काफी चिंताजनक मिली। बांदा में बड़ोखर, तिंदवारी, जसपुरा, महुआ और नरैनी ब्लाकों में नाइट्रोजन कम और फास्फोरस बेहद कम पाई गई। इसके अलावा पोटाश मध्यम मिली है। बबेरू और कमासिन ब्लाकों में नाइट्रोजन अति न्यून और फास्फोरस कम मिली। बिसंडा नाइट्रोजन और फास्फोरस का स्तर न्यून (लो) पाया गया और पोटाश मध्यम मिली। चित्रकूट जनपद के कर्वी ब्लाक में नाइट्रोजन न्यून और फास्फोरस व पोटाश मध्यम मिली। मानिकपुर व पहाड़ी ब्लाक में नाइट्रोजन और फास्फोरस बहुत कम मात्रा में पाई गई है। हमीरपुर जनपद में कुरारा, सुमेरपुर, राठ में नाइट्रोजन, फास्फोरस और पोटाश तीनों ही कम पाए गए हैं। मुस्करा ब्लाक में नाइट्रोजन और पोटाश कम तथा फास्फोरस बेहद कम मिला है। गोहांड और सरीला ब्लाकों के खेतों में नाइट्रोजन और फास्फोरस दोनों ही बहुत कम मात्रा में हैं। महोबा जनपद के कबरई, चरखारी, जैतपुर और पनवाड़ी ब्लाकों मेें नाइट्रोजन अति न्यून और फास्फोरस न्यून मिली है। पोटाश मध्यम दर्जे की है।