ओरन/अतर्रा (बांदा)। बिसंडा थाना क्षेत्र के पवई गांव में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के लिए मिट्टी खनन से बने गड्ढे में गिरकर डूबने से दो बालकों की मंगलवार की सुबह जान चली गई। दोनों बच्चे मवेशी चराने के दौरान पानी भरे गड्ढे के पास में पहुंच गए थे। पुलिस ने दोनों बालकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पवई गांव के पास निर्माणाधीन बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के लिए खेतों से भारी मात्रा में मिट्टी निकाली गई है, जिससे र्कई मीटर गहरे और लंबे-चौड़े गड्ढे बन गए हैं। हाल ही में हुई बारिश से गड्ढे लबालब भरे हुए हैं। सुबह आठ बजे पवई गांव के श्याम सिंह का पुत्र शिवम (11) और प्रमोद विश्वकर्मा का पुत्र छोटू (8) भैंस चराने गए थे। भैंस चराने के दौरान दोनों बच्चे एक गड्ढे के पास पहुंच गए और पैर फिसलने से दोनों गहरे पानी में डूब गए।
बच्चों को पानी में गिरता देख एक्सप्रेसवे निर्माण कार्य में लगे मजदूर पहुंचे और दोनों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंचे परिजनों और मजदूर दोनों को बिसंडा पीएचसी लाए, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शिवम गांव के प्राइमरी स्कूल में कक्षा पांच और छोटू कक्षा तीन में पढ़ता था।