{"_id":"5a92fada4f1c1b2a788b7cda","slug":"truck-collides-one-driver-dies","type":"story","status":"publish","title_hn":"हाईवे पर ट्रक टकराए, एक चालक की मौत, दो घायल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हाईवे पर ट्रक टकराए, एक चालक की मौत, दो घायल
अमर उजाला ब्यूरो , बांदा
Updated Sun, 25 Feb 2018 11:35 PM IST
विज्ञापन
ट्रक को हटाती क्रेन और ग्रामीणों की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा-टांडा हाईवे पर दो ट्रकों की आमने-सामने से भिड़त हो गई। इसमें एक ट्रक चालक की मौत हो गई और क्लीनर घायल हो गया। दूसरे ट्रक का चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। क्षतिग्रस्त दोनों ट्रकों में फंसे चालकों को कटर से काटकर क्रेन का सहारा लेकर निकाला गया। इससे देर तक हाईवे जाम रहा। दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई।
विज्ञापन
घटना रविवार को तड़के करीब 5 बजे देहात कोतवाली क्षेत्र के महोखर गांव के पास हुई। बांदा की तरफ से बालू भरा ट्रक उन्नाव के लिए जा रहा था। सामने से प्रतापगढ़ की तरफ से खाली ट्रक आ रहा था। तेज रफ्तार दोनों आमने-सामने से टकरा गए। दोनों ट्रकों का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर होकर एक-दूसरे में फंस गया। दोनों के चालक और क्लीनर भी लहूलुहान होकर फंस गए। बालू भरे ट्रक के चालक रोहित पाल (27) पुत्र सत्यवान की स्टेयरिंग में ही फंसकर मौत हो गई। वह उन्नाव का रहने वाला था। क्लीनर संजय सिंह (32) पुत्र श्यामवीर गंभीर रूप से घायल हो गया। वह भी उन्नाव का रहने वाला है। उधर, दूसरे ट्रक का चालक प्रतापगढ़ निवासी कलीम (30) पुत्र अब्दुल सत्तार गंभीर रूप से घायल होकर अपनी सीट पर फंस गया।
विज्ञापन
कुछ देर बाद देहात कोतवाली पुलिस पहुंच गई। भीड़ भी जमा हो गई। हाईवे पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। सैकड़ों वाहन दोनों तरफ खड़े रह गए। लगभग दो घंटे बाद पुलिस लाइन से पहुंची क्रेन ने एक-दूसरे में फंसे ट्रकों को खींचकर अलग किया। गैस वेल्डिंग कटर से ट्रक के कई हिस्सों को काटकर फंसे दोनों चालकों को निकाला गया। घायल चालक कलीम और क्लीनर को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। क्लीनर संजय ने बताया कि दूसरे ट्रक का चालक शराब के नशे में उल्टी दिशा में गाड़ी चला रहा था। सड़क किनारे शौच के लिए बैठी महिला को बचाने में हादसा हुआ है। पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के पिता ने बताया कि रोहित अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गया है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम करवाया है।
विज्ञापन