बांदा। आभूषण व्यापारी पिता-पुत्र को गोली मारकर घायल कर लूट की घटना को अंजाम देने वाले वांछित आरोपी 25 हजार के इनामिया को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
गिरवां थानाध्यक्ष चंद्रप्रकाश तिवारी ने बताया कि 12 अप्रैल को गिरवां थाना क्षेत्र के तेंदुही गांव निवासी मिथलेश सोनी व उसके पुत्र पंकज सोनी को घर लौटते समय बछेही मोड़ पर बाइक सवारों ने गोली मारकर लूट लिया था। घटना में पंकज के गोली लगने से वह घायल हो गया था। मिथलेश व पंकज गांव-गांव फेरी लगाकर आभूषण की बिक्री करते हैं। इस संबंध में 12 मई को पुलिस ने मुठभेड़ में आमिर खां को गिरफ्तार किया था। दूसरा आरोपी आजम खां फरार हो गया था। आरोपी कबौली गांव निवासी आजम को पुलिस ने खोही मोड़ से गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक ने उस पर 25 हजार का इनाम भी घोषित किया था। आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस व 3500 रुपये बरामद किया गया है। गिरफ्तारी टीम में थानाध्यक्ष समेत एसआई यज्ञनारायण भार्गव, कृष्णकांत सिंह, आशू सिंह, शैलेंद्र कुमार आदि शामिल रहे।