राखी बांधने मायके आ रही युवती को ट्रक ने रौंद डाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बांदा। रक्षाबंधन पर भाई को राखी बांधने पति के साथ बाइक पर मायके आ रही युवती को ट्रक ने रौंद दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चला रहे पति और उस पर सवार उसके तीन मासूम बच्चे बाल-बाल बच गए। चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा होकर आक्रोश जताने लगे। पुलिस ने आनन-फानन शव हटाकर उत्तेजित लोगों को शांत कराया। घटना बुधवार को दोपहर की है। महोबा जनपद के घुटबई गांव स्थित ससुराल से रक्षाबंधन में भाई को राखी बांधने नीतू (30) अपने पति अवधेश के साथ बाइक पर मायके कनवारा (बांदा) गांव आ रही थी।
नेशनल हाइवे पर भूरागढ़ पुलिस चौकी क्षेत्र में त्रिवेणी गांव बाईपास तिराहे पर पीछे से आ रहे तेजरफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक गिरने से नीतू ट्रक के नीचे आ गई। उसका आधा धड़ पहिये से कुचल गया। उसकी वहीं मौत हो गई। अलबत्ता पति और बाइक पर सवार तीन मासूम बच्चे दो पुत्री और एक पुत्र बाल-बाल बच गए। चालक ट्रक वहीं छोड़कर भाग निकला। कुछ ही देर में घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। भूरागढ़ चौकी से पुलिस आ गई और आनन-फानन शव को हटाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उत्तेजित ग्रामीणों का कहना था कि इस स्थान पर अक्सर दुर्घटनाएं होती हैं। स्पीड ब्रेकर न होने से रात-दिन बालू और गिट्टी के ट्रक तेजरफ्तार दौड़ते हैं। चार माह पूर्व ही यहां ट्रक ने बालिका को रौंद दिया था। ग्रामीणों ने जमकर हंगामा मचाते हुए कई ट्रक तोड़फोड़ दिए थे। घंटों जाम लगा रहा। तत्कालीन डीएम, एसपी ने मौके पर आकर स्पीड ब्रेकर बनवाने का आश्वासन दिया लेकिन नहीं बनवाए।