फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Banda News ›   health,DM,covid 19,CMO,banda

बांदा में कोरोना से आठ की मौत, 270 नए संक्रमित

Mon, 26 Apr 2021 11:01 PM IST
Kanpur	 Bureau कानपुर ब्यूरो
Updated Mon, 26 Apr 2021 11:01 PM IST
विज्ञापन
health,DM,covid 19,CMO,banda
health,DM,covid 19,CMO,banda - फोटो : BANDA
बांदा। चित्रकूटधाम मंडल के बांदा में कोरोना से सोमवार को आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 270 नए संक्रमित मरीज मिले, जिनमें 67 महिलाएं भी शामिल हैं। उधर, चित्रकूट में भी एक पूर्व विधायक समेत 177 नए संक्रमित मरीज मिले। बांदा और चित्रकूट से सोमवार को भी फिर राहत देने वाली खबर आई। बांदा में जहां 170 मरीजों ने कोरोना को मात दी, वहीं चित्रकूट में भी 126 ने कोरोना को हराकर अपने-अपने घरों को चले गए।
विज्ञापन

बांदा में सोमवार को हुईं मौतों के बाद अब मरने वालों का आंकड़ा 90 पहुंच गया। साथ ही सक्रिय संक्रमितों का आंकड़ा 1421 पहुंच गया। सोमवार को मरने वाले संक्रमितों में 32 वर्षीय युवक, इंदिरा नगर की 45 वर्षीय महिला, मेडिकल कालेज के 76 वर्षीय वृद्ध, बन्योटा निवासी 63 वर्षीय और महेश्वरी देवी निवासी 57 वर्षीय शामिल हैं। ग्रामीण क्षेत्र के मृतकों में अतर्रा का 45 वर्षीय, कमासिन की 60 वर्षीय व बदौसा की 42 वर्षीय महिला शामिल है। उधर, नए संक्रमितों में जल संस्थान कर्मी व जेल बंदियों सहित सिविल लाइन, इंदिरा नगर, आवास विकास, डीएम कालोनी, रोडवेज, कटरा आदि शामिल हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में नरैनी, अतर्रा, तिंदवारी, जसपुरा, बिसंडा, कमासिन में कोरोना मरीज पाए गए।
विज्ञापन

उधर, चित्रकूट में सोमवार को पूर्व विधायक समेत 177 कोरोना पॉजिटिव मिले, जिससे अब एक्टिव केस 1462 हो गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के रिकार्ड में मृतकों की संख्या 29 है। सीएमओ डा. विनोद कुमार ने बताया कि सोमवार को जिले में 1167 मरीजों की कोविड जांच हुई। इसमें सपा के पूर्व विधायक समेत 177 संक्रमित मरीज मिले हैं। संक्रमितों में मऊ, रामनगर, कर्वी और मानिकपुर के सर्वाधिक मरीज हैं। कहा कि जिले में ऑक्सीजन की कमी नहीं है। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन

इंसेट---
मुख्तार की आरटीपीसीआर रिपोर्ट भी पॉजिटिव
बांदा। जेल में बंद बाहुबली विधायक और गैंगस्टर मुख्तार अंसारी की आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई। एक दिन पूर्व एंटीजन टेस्ट में मुख्तार संक्रमित मिला था। शुगर और ब्लड प्रेशर का मरीज होने से जेल प्रशासन ने मेडिकल कालेज से स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है। विधायक मुख्तार सात अप्रैल को बांदा जेल लाया गया था। सोमवार को आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट आने के बाद जेल प्रशासन ने स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर तैयारियां शुरू कर दीं। वरिष्ठ जेल अधीक्षक ने मेडिकल कालेज प्रधानाचार्य को पत्र भेजकर मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। पत्र में कहा कि ऑक्सीजन सिलिंडर व अन्य उपकरण पूर्व से ही रखे गए हैं। कारागार चिकित्सकों द्वारा उपचार किया जा रहा है। अधीक्षक ने आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेषज्ञों की टीम गठित कर उनके फोन नंबर मुहैया कराने को कहा है। (संवाद)
इंसेट---
बिना टेक्नीशियन शोपीस बने वेंटिलेटर
बांदा। राजकीय मेडिकल कालेज और जिला अस्पताल में कीमती वेंटिलेटर शोपीस बने हैं। टेक्नीशियन के अभाव में फायदा मरीजों को नहीं मिल पा रहा। कामचलाऊ व्यवस्था के तहत इनके संचालन के लिए डाक्टर और नर्स को प्रशिक्षित किया जा रहा है। उधर, रेमडेसिविर इंजेक्शन का भी टोटा है। पिछले वर्ष कोरोना संक्रमण के दौरान शासन ने राजकीय मेडिकल कालेज को 100 और जिला अस्पताल को तीन वेंटिलेटर मुहैया कराए थे, लेकिन टेक्नीशियन न होने से कीमती उपकरण दोनों स्थानों पर धूल फांक रहे हैं। मेडिकल कालेज में वेंटिलेटर संचालन के लिए कुछ डाक्टर और नर्सों को प्रशिक्षित किया गया है, लेकिन इसके सटीक संचालन में वह भी असफल साबित हो रहे हैं। मेडिकल कालेज में रेमडेसिविर इंजेक्शन का भी टोटा है। दो दिन पहले 100 इंजेक्शन उपलब्ध कराए गए थे। अब स्टॉक में सिर्फ 50 ही बचे हैं। मेडिकल कालेज प्रधानाचार्य डा. मुकेश कुमार यादव ने बताया कि टेक्नीशियन के अभाव में वेंटिलेटर नहीं चल पा रहे। डाक्टर और नर्सों को प्रशिक्षित कर काम चलाया जा रहा है। वेंटिलेटर में एक मरीज पर एक डाक्टर का मानक है। अफसरों को पत्र भेज स्टाफ की मांग की गई है। बताया कि एक मरीज को रेमडेसिविर इंजेक्शन की छह डोज लगती हैं। 500 इंजेक्शन और मुहैया कराने की मांग की गई है। फिलहाल स्टॉक में पर्याप्त इंजेक्शन हैं। (संवाद)
-----------------
जिला जज ने सुनवाई के लिए अफसर नियुक्त किए
अलग-अलग समय पर न्यायालयों में होगी सुनवाई
अतर्रा, बबेरू और रेलवे अदालत में चार घंटे कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
बांदा। कोविड-19 वैश्विक महामारी के चलते इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्देशन पर न्यायालयों के कार्यों के लिए समय सारिणी तय की गई है। जनपद न्यायाधीश ने सुनवाई के लिए दिनवार पीठासीन अधिकारी नियुक्त किए हैं। समय भी निर्धारित किया है। साथ ही जनपद न्यायालय समेत अतर्रा, बबेरू व रेलवे न्यायालय में कार्य सुबह साढ़े दस से ढाई बजे तक होगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, नई समय सारिणी के तहत जिला सुबह 11 से 12 बजे तक अपर जिला न्यायाधीश/पीठासीन अधिकारी मोहम्मद अशरफ अंसारी सोमवार को, विष्णु प्रसाद अग्रवाल मंगलवार, अनु सक्सेना बुधवार, नुपुर बृहस्पतिवार और ऋषि कुमार शुक्रवार को सुनवाई करेंगे। सुबह 11.30 से 12.30 बजे तक विशेष न्यायालय में मोहम्मद रिजवान अहमद (सोमवार), रामचंद्र यादव प्रथम (मंगलवार), बलराज सिंह (बुधवार), अमित वीर सिंह (बृहस्पतिवार) व कमरुज्जमा खां (शुक्रवार) को पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया है।
दोपहर 12 से एक बजे तक के लिए सिविल जज (सीनियर डिवीजन) नदीम अनवर (सोमवार से शुक्रवार), 12.30 से 1.30 बजे तक मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट भारतेंदु प्रकाश गुप्ता (सोमवार, मंगलवार व बुधवार) और कंचन कुमारी (बृहस्पतिवार व शुक्रवार) और 1.30 से 2.30 बजे तक सिविल जज (जूनियर डिवीजन) में अनुजा सिंह (सोमवार से शुक्रवार) न्यायिक कार्य करेंगे। जिला जज ने निर्देश दिए कि न्यायालय परिसर में उन्हीं वकीलों को प्रवेश की अनुमति होगी जिनकी तिथियां नियत हैं। साथ ही वकीलों और वादकारियों को न्यायालय परिसर में प्रवेश से पूर्व कोविड-19 की आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट साथ लाना होगी। कंटेनमेंट जोन होने पर जरूरी मामलों की सुनवाई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग व वर्चुअल कोर्ट से होगी।
इंसेट---
96 लाख से बनेगा ऑक्सीजन प्लांट
चित्रकूट। कोरोना काल मेें लगातार मरीजों को आक्सीजन की जरूरत होने पर अब जिला प्रशासन की संस्तुति से यहां आक्सीजन प्लांट लगाने की स्वीकृति हो चुकी है। खोह में 200 बेड वाले अस्पताल परिसर में इस प्लांट को लगाने के लिए कुल 96 लाख रुपये की लागत अनुमानित होने पर राज्यमंत्री ने विधायक निधि से 41 लाख और देने की घोषणा की है। इससे पहले राज्यमंत्री 55 लाख रुपये देने की घोषणा कर चुके हैं। अब यह पूरा प्लांट विधायक निधि से बनेगा।
डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने बताया कि जिले में आक्सीजन प्लांट लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से बातचीत हो चुकी है। सीएमओ ने बताया कि चूंकि यह प्लांट खोह के 200 बेड वाले अस्पताल में बनना है। तो यह प्रयास होगा कि ऐसा प्लांट लगे कि कम से कम दो सौ मरीजों के लिए आक्सीजन की आपूर्ति नियमित हो सके। इसका स्टीमेट लगभग 96 लाख रुपये आया है। राज्यमंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय ने बताया कि प्रशासन ने जब इसकी जानकारी दी तो उनसे पूरी मदद करने को कहा गया। उन्होंने बताया कि कुल 96 लाख रुपये विधायक निधि से देकर इस प्लांट को जल्द ही तैयार करने को कहा गया। (संवाद)
इंसेट---
कोरोना कर्फ्यू अब एक मई तक
खोही। जिले की सीमा से सटे चित्रकूट (मध्यप्रदेश) में कोरोना कर्फ्यू की अवधि बढ़ा दी गई है। सतना के डीएम अजय कटेसारिया ने बताया कि पहले कोरोना कर्फ्यू 26 अप्रैल की सुबह सात बजे तक था। अब एक मई की सुबह छह बजे तक रहेगा। लगातार संक्रमण बढ़ने और तीर्थक्षेत्र में भीड़भाड़ रोकने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है। मठ-मंदिरों के गेट पर ताला बंद रहेगा। कोविड नियमों के अनुकूल ही गेट के बाहर से भगवान के दर्शन होंगे। (संवाद)
इंसेट---
भगवान महावीर से रक्षा की प्रार्थना
बरगढ़। कोरोना के चलते कस्बे में महावीर जयंती सादगी से मनाई गई। जैन समाज के लोगों ने घरों में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए शांति पूर्वक जयंती मनाई। इस मौके पर भगवान महावीर से कोरेाना संक्रमण काल में सभी की रक्षा करने की प्रार्थना की। जैन धर्म के 24 वें तीर्थंकर महावीर की जयंती पर पिछले साल की तरह इस बार भी कोई शोभायात्रा नहीं निकाली गई। जैन समाज के लोगों ने भगवान महावीर स्वामी की जयंती घरों में मनाई। इस मौके पर अध्यक्ष किशुन जैन, मंगलेश जैन, हरीशचंद जैन, फूलचंद जैन, प्रियांशु जैन आदि ने घरों में भगवान महावीर की पूजा-अर्चना की। (संवाद)
इंसेट---
फोटो नंबर- 1- जिला अस्पताल में कोरोना टीका लगाती नर्स।
4-चित्रकूट जिला अस्पताल में ऑक्सीजन के जरिए महिला का किया जा रहा इलाज। संवाद
अब तक 50389 का हुआ टीकाकरण
चित्रकूट । जिले में कोरोना संक्रमण से स्वास्थ्यकर्मी भी जूझ रहे हैं, जिससे वैक्सीनेशन में तेजी लाना चुनौती बन गया है। अब तक कई डाक्टरों के अलावा काफी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी संक्रमण का शिकार हो चुके हैं। ऐसी स्थिति में वैक्सीनेशन प्रभावित हो गया है। निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष प्रतिदिन औसतन 30 फीसदी ही वैक्सीनेशन हो रहा है। जिले में अब तक कुल 50389 लोगों का वैक्सीनेशन किया जा चुका है। वैक्सीनेशन कार्यक्रम के प्रभारी डा. मुकेश पहाड़ी ने बताया कि पहली डोज 42,588 व दूसरी डोज 7801 लोगों ने लगवाई है। सीएमओ डा. विनोद कुमार ने बताया कि संक्रमण में बढ़ोतरी से वैक्सीनेशन प्रभावित हुआ है। कर्मचारी संक्रमित भी हुए हैं, फिर भी वैक्सीनेशन जारी है। जल्द ही कुछ कर्मियों को प्रशिक्षित करेंगे, ताकि वैक्सीनेशन का काम सुचारु हो सके। (संवाद)
इंसेट---
फोटो परिचय-12
लक्षण मिलते कराएं कोविड जांच
चित्रकूट। सर्दी, खांसी और बुखार जैसे लक्षण दिखने के बावजूद लोगों का उसे नजरंदाज करना भारी पड़ रहा है। स्थिति गंभीर होने पर कोविड जांच के बाद पॉजिटिव होने पर इलाज भी देरी से शुरू हो पाता है। इससे संक्रमित की जान पर बन आती है। बेहतर है कि लक्षणों के मिलते ही तुरंत जांच कराएं। यह बात सोमवार को सीएमओ डा. विनोद कुमार यादव ने सीएमओ कार्यालय में स्वास्थ्यकर्मियों से कही। बताया कि सर्दी, खांसी, बुखार जैसे लक्षण दिखने के बावजूद ज्यादातर लोग छिपाते रहते हैं। हालात बेकाबू होने पर ही लोग जांच केंद्रों की ओर रुख करते हैं। जांच में पॉजिटिव आने पर तुरंत कोविड अस्पताल खोह में भर्ती कर संबंधित का इलाज शुरू हो जाएगा। दो से तीन सप्ताह में वहां स्वस्थ हो जाएंगे। कोविड सैंपलिंग एंड टेस्टिंग के नोडल अधिकारी एसीएमओ डा. आरके चौरिहा ने बताया कि जिला अस्पताल सोनेपुर, रामलीला मैदान पुरानी बाजार कर्वी के साथ सीएचसी मानिकपुर, मऊ, रामनगर, राजापुर, शिवरामपुर और पहाड़ी में आरटीपीसीआर और एंटीजन द्वारा कोरोना की जांच की जा रही है। यदि मरीज ज्यादा गंभीर नहीं है तो जिला प्रशासन के निर्देश पर वह होम आइसोलेट हो सकते हैं। (संवाद)
इंसेट---
फोटो परिचय- 3-मानिकपुर कस्बे में सैनिटाइज करते फायर ब्रिगेड के कर्मचारी। संवाद
कस्बे और अस्पताल में हुआ सैनिटाइजेशन
चित्रकूट/मानिकपुर। कोरोना महामारी के बढ़ते संक्रमण को लेकर सीएफओ यतींद्रनाथ उमराव ने फायर ब्रिगेड के माध्यम से मानिकपुर कस्बे में सैनिटाइज किया। पूरे कस्बे के अलावा अस्पताल व सरकारी आवासों का भी सैनिटाइजेशन किया गया। सीएफओ ने बताया कि ग्राम ऐचवारा, अस्पताल, आवास, कार्यालय, भौरी अस्पताल, कार्यालय एवं आवासीय परिसर, सीतापुर कस्बा, बाजार में सैनिटाइज किया गया है। (संवाद)
इंसेट---
मास्क लगाकर बाहर जाने को किया प्रेरित
चित्रकूट/बरगढ़। थाना बरगढ़ की एंटी रोमियो टीम ने रेलवे स्टेशन बरगढ़, ग्राम कोलमजरा व सिंगलपुरवा, एंटी रोमियो टीम महिला थाना टीम ने बस स्टैंड, ट्रैफिक चौराहा एवं कर्वी शहर में भ्रमण कर महिलाओं, बालिकाओं को मास्क लगाने को जागरूक किया। बाहर निकलने वाली महिलाओं, बालिकाओं से बाहर निकलने का कारण पूछते हुए शासन द्वारा लागू लॉकडाउन का पालन करने के लिए बताया। (संवाद)

इंसेट---
फोटो परिचय-7-
घर के कमरों की खुली रखें खिड़कियां
चित्रकूट। कोविड से बचाव के उपाय और कानून व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए की गई कार्रवाई की समीक्षा एसपी अंकित मित्तल ने की और कहा कि ड्यूटी में रहने वाले पुलिसकर्मियों को दिन में दो बार भाप दिलाई जाएं। थोड़े लक्षण मिलते ही क्वारंटीन कराकर इलाज कराएं। उन्होंने कोतवाली परिसर के कमरों की खिड़कियों को खुली रखने और सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए। एसपी जब सदर कोतवाली पहुंचे तो उन्होंने कोरोना से बचाव के लिए किए गए उपायों की जानकारी ली। सबसे पहले उन्होंने सैनिटाइजर का कम स्थानों पर प्रयोग होने पर निर्देश दिए। उन्होंने थर्मल स्कैनर खुद लेकर जांच की। कोतवाली परिसर में बनाई गई क्वारंटीन बैरक का निरीक्षण कर कोरोना के लक्षण पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों बैरक में रखने के निर्देश दिए हैं। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed