फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Banda News ›   election,police,MP,DM,PAC

सीमाएं सील, ड्रोन कैमरों से होगी निगरानी

Wed, 28 Apr 2021 11:07 PM IST
Kanpur	 Bureau कानपुर ब्यूरो
Updated Wed, 28 Apr 2021 11:07 PM IST
विज्ञापन
election,police,MP,DM,PAC
बांदा। पंचायत चुनाव मतदान की सुरक्षा यूपी पुलिस के हवाले रहेगी। स्थानीय फोर्स के अलावा महोबा, हमीरपुर, चित्रकूट व कौशांबी से पुलिस फोर्स यहां पहुंच गया। अति संवेदनशील श्रेणी वाले मतदान केंद्रों में पीएसी तैनात रहेगी। कई कंपनियां पीएसी ने पूर्व संध्या पर मतदान केंद्रों में डेरा डाल दिया है। उधर, गर्मी और कोविड-19 महामारी के बीच पोलिंग पार्टियां के रवानगी स्थलों पर अव्यवस्थाओं की भरमार रही। मतदान कार्मिक अपनी ड्यूटी के लिए परेशान रहे। धूप से बचाव के लिए छोटा पंडाल लगाकर औपचारिकताएं निभाई गईं। अधिकांश मतदान कार्मिक धूप में या पेड़ों की छांव में जमीन पर बैठकर अपने काम निपटाते रहे।
विज्ञापन

पंचायत चुनाव के मतदान की पूर्व संध्या पर बुुधवार को पड़ोसी जनपदों और राज्यों की सीमाएं सील कर दी गईं। यूपी-एमपी सीमा पर ज्यादा चौकसी है। सभी बैरियर में एक दरोगा और चार कांस्टेबल तैनात किए गए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र प्रताप चौहान ने बताया कि 23 जोन और 106 सेक्टर में बांटा गया है। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव के लिए पर्याप्त फोर्स उपलब्ध है। मतदाताओं के अलावा अन्य किसी को बूथ में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। गड़बड़ी करने वालों के साथ सख्ती से निपटा जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि अति संवेदनशील व संवेदनशील मतदान केंद्रों की ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जाएगी। उधर, पोलिंग पार्टियों की रवानगी के दौरान अव्यवस्थाएं हावी रहीं।
विज्ञापन

दुधमुंहे बच्चों को साथ लेकर आईं महिला कर्मियों का तो बुरा हाल था। यहां तक कि कई काउंटरों में अधिकारी तक नजर नहीं आए। बाबू ड्यूटियों का वितरण करते रहे। कोविड गाइडलाइन का पालन भी धड़ाम रहा। मतदान सामग्री लेने के लिए काउंटरों पर धक्का-मुक्की की नौबत तक आई। जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम आनंद कुमार सिंह ने कई विद्यालयों का निरीक्षण कर पोलिंग पार्टियों को कर्तव्य निष्ठा का पाठ पढ़ाकर रवाना किया। उन्होंने बड़ोखर खुर्द ब्लाक के राजादेवी डिग्री कालेज, महुआ के पंडित जेएन इंटर कालेज (गिरवां) व ज्वाला प्रसाद शर्मा इंटर कालेज (बबेरू) और राजकुमार इंटर कालेज (नरैनी) आदि का निरीक्षण किया। मतदान कर्मियों से उनकी दिक्कतें पूछीं। राजा देवी स्कूल में कुछ महिला कर्मियों ने समस्या बताते हुए ड्यूटी न लगाने का अनुरोध किया, लेकिन उनकी दलीलों को दरकिनार कर दिया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन

इंसेट---
ड्यूटी का फर्ज पहले है : डीएम
बांदा। अधिकांश विद्यालयों में महिला मतदान अधिकारी अपने दुधमुंहे बच्चों के साथ ड्यूटी पर आईं। बड़ोखर ब्लाक के मतदेय स्थल 15 लामा की मतदान कर्मी रेनू (सहायक अध्यापक, जीजीआईसी करतल) ने बताया कि उन्होंने ड्यूटी कटवाने का काफी प्रयास किया, लेकिन ड्यूटी नहीं कटी। मजबूरन इस भीषण गर्मी और कोरोना संक्रमण के बीच बच्चे को साथ लेकर मतदान ड्यूटी में जाना पड़ रहा है। इसी तरह एक अन्य महिला मतदान कर्मी ने भी बच्चे की बीमारी का हवाला देते हुए डीएम से गुहार लगाई, लेकिन डीएम ने उसकी बात को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि ड्यूटी का फर्ज पहले है। (संवाद)
इंसेट---
250 पोलिंग पार्टियां रिजर्व में रखी गईं
बांदा। कोविड-19 महामारी के बीच त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव कराना बड़ी चुनौती है। बड़ोखर खुर्द ब्लाक के राजादेवी डिग्री कालेज में पोलिंग पार्टियों को रवाना करने के पूर्व ऐसे कई कर्मी भी सामने आए जो खुद कोरोना पॉजिटिव थे या उनके घर में कई लोग संक्रमित थे। ऐसे संदिग्ध/मरीज कर्मी भी भीड़ में घुसकर अपनी ड्यूटी कटवाने के लिए अधिकारियों से आरजू-मिन्नत करते रहे। तीन पीठासीन अधिकारियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव होने पर उनके स्थान पर दूसरे कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी गई। 250 पोटिंग पार्टियां रिजर्व में रखी गई हैं। (संवाद)
इंसेट---
प्रत्याशियों ने झोंकी ताकत
तिंदवारी। पैर छूकर, चुनाव चिह्न याद दिलाकर प्रत्याशियों ने अंतिम दिन अपने पक्ष में मतदान के लिए पूरी ताकत झोंक दी। तमाम प्रत्याशियों ने युवा वोटरों को चुनाव चिह्न वाली टी-शर्ट बांटी। चुनावी बुंदेलखंडी गीत भी गांवों में गूंजते रहे। सोशल मीडिया पर भी प्रचार की होड़ रही। मतदान की पूर्व संध्या पर पार्टी का भी दौर चला और दावतें भी हुईं। हालांकि, ऐसे प्रत्याशियों पर पुलिस और चुनाव आयोग की टेढ़ी नजर है। (संवाद)
इंसेट---
मतदान करने के लिए 17 विकल्प
बांदा। चुनाव आयोग ने मतदान के लिए 17 विकल्प दिए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम आनंद कुमार सिंह ने बताया कि मतदाता पहचानपत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, आयकर पहचानपत्र, राज्य व केंद्र सरकार, निकाय, कंपनियों द्वारा जारी फोटोयुक्त पहचानपत्र, बैंक व पोस्ट आफिस की फोटोयुक्त पासबुक, फोटोयुक्त किसान बही, पेंशन बुक, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पहचानपत्र, फोटोयुक्त शस्त्र लाइसेंस, फोटोयुक्त दिव्यांग प्रमाणपत्र, मनरेगा जॉब कार्ड, स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, सांसद, विधायक, एमएलसी को जारी सरकारी पहचानपत्र और राशन कार्ड आदि शामिल हैं। (संवाद)
इंसेट---
मतदान के लिए 11 घंटे का समय
बांदा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम संतोष बहादुर सिंह ने बताया कि इस बार राज्य निर्वाचन आयोग ने भीषण गर्मी और कोरोना संक्रमण के मद्देनजर मतदान का समय बढ़ाया है। मतदान सुबह सात बजे शुरू होगा और शाम छह बजे तक (कुल 11 घंटे) चलेगा। जो मतदाता शाम छह बजे के पूर्व तक बूथों में पहुंच जाएंगे, उन्हें मतदान का अवसर मिलेगा। मतदान केंद्रों में मतदाताओं के बैठने के लिए छाया और पानी आदि की व्यवस्था की गई है। सोशल डिस्टेंसिंग के साथ मतदान कराया जाएगा। मतदाताओं से कहा गया कि वह वोट डालने मास्क लगाकर आएं। (संवाद)
इंसेट---
दो सौ मीटर परिधि में धारा 144 लागू
बांदा। मतदान केंद्र की 100 मीटर की परिधि में कोई भी प्रवेश नहीं कर सकेगा। प्रत्याशियों के बस्तों में पांच से ज्यादा कार्यकर्ता नहीं रहेंगे। दिव्यांग और बुजुर्ग वोटरों को लाइन में नहीं लगना पड़ेगा। उन्हें सीधे मतदान का अधिकार होगा। एडीएम संतोष बहादुर सिंह ने बताया कि कोरोना गाइडलाइन का हर हाल में पालन कराया जाएगा। दो सौ मीटर की परिधि में धारा 144 लागू रहेगी। मतदान के दौरान निर्धारित परिधि में एक साथ पांच से अधिक लोग मौजूद नहीं रहेंगे। (संवाद)
इंसेट---
गोद में बच्चा, बैसाखी के सहारे पहुंचे केंद्र
नरैनी। गोद में बच्चा और बैसाखी के सहारे चुनाव कराने कर्मचारी बूथों में पहुंचे। परसौड़ा (तिंदवारी) की सहायक अध्यापक सुमन देवी व बबेरू की सहायक अध्यापक संगीता साहू ने बताया कि गोद में बच्चे हैं। भीषण गर्मी में वह बिलबिला रहे हैं। बच्चे मास्क भी नहीं लगा रहे। ऐसे में कोरोना का खतरा और बढ़ गया है। अधिकारियों से ड्यूटी कटवाने के लिए कहा, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अतर्रा के संग्रह अनुदेशक लाखन सिंह बैसाखी के सहारे मतदान केंद्र सढ़ा पहुंचे। बताया कि 24 अप्रैल को सड़क हादसे में पैर में चोट आ गई थी। (संवाद)
इंसेट---
रात को वोटरों के दरवाजे पहुंचे प्रत्याशी
अतर्रा। मतदान की पूर्व संध्या पर प्रत्याशियों ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी। मंगलवार की शाम चुनाव प्रचार थमने के बाद प्रत्याशी घर-घर जाकर जनसंपर्क में जुटे हैं। यहां तक की रात को कुंडी खटखटाकर वोटरों को जगा रहे हैं। खेत-खलिहानों की दौड़ लगा रहे हैं। वोटरों को लुभाने के लिए बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं। लंच पैकेट आदि देकर वोटरों को अपने पक्ष में आकर्षित करने का प्रयास किया जा रहा है। बिरादरी के वोटरों को रिश्तेदारी की दुहाई दी जा रही है। (संवाद)
इंसेट---
अव्यवस्थाओं के बीच पोलिंग पार्टियां पहुंची
बबेरू/तिंदवारी। अव्यवस्थाओं के बीच देर शाम तक पोलिंग पार्टियां बूथों तक पहुंच गईं। जेपी शर्मा इंटर कालेज से 270 पोलिंग पार्टियां रवाना हुईं। इसके पूर्व मतदान कार्मिकों को मतदान सामग्री लेने के लिए खासा परेशान होना पड़ा। काउंटर पर कर्मचारियों की आपाधापी रही। सोशल डिस्टेंसिंग का कहीं पालन नहीं हुआ। मतदान कार्मिक तेज धूप में भटकते रहे। बबेरू एसडीएम महेंद्र प्रताप सिंह व सीओ सियाराम पोलिंग पार्टियों को रवाना करने में जुटे रहे। तिंदवारी में एसएन इंटर कालेज से 240 पोलिंग पार्टियां रवाना हुईं। गुगौली, पलरा, निवाइच के मतदान केंद्रों में शौचालय बंद होने से कर्मियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उधर, प्रभारी निरीक्षक जाकिर हुसैन ने क्षेत्र का भ्रमण कर वोटरों से बिना किसी लालच व भय के वोट डालने को कहा। (संवाद)
इंसेट---
1388 कर्मचारियों की लगी ड्यूटी
नरैनी। 83 ग्राम पंचायतों में मतदान के लिए बुधवार को 347 बूथों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना हो गईं। डीएम आनंद कुमार सिंह ने राजकुमार इंटर कालेज का निरीक्षण किया। एसडीएम सुरेंद्र सिंह, सीओ नितिन कुमार, कोतवाली प्रभारी सविता श्रीवास्तव, सहायक विकास अधिकारी रमेशचंद्र कुशवाहा आदि मौजूद थे। चुनाव के लिए चार जोनल व 22 सेक्टर मजिस्ट्रेट लगाए गए। 1388 कर्मचारियों को ड्यूटी पर लगाया गया है। बीडीओ मनोज कुमार ने बताया कि ब्लाक क्षेत्र में दो लाख सात हजार 760 मतदाता हैं। (संवाद)

इंसेट
पोलिंग पार्टियां रवाना
खप्टिहा कलां। जसपुरा ब्लाक की 165 पोलिंग पार्टियां बुधवार को मधुसूदन दास आदर्श इंटर कालेज से रवाना की गईं। सारा दिन मतदान सामग्री लेने के लिए कर्मचारी परेशान रहे। आरओ सौरभ यादव ने बताया कि हर पार्टी में पीठासीन सहित चार कर्मचारी हैं। उधर, एसडीएम रामकुमार ने बताया कि मतदान बृहस्पतिवार को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। सीमाओं को सील कर बैरियर लगाए गए हैं। सीओ सदर सत्य प्रकाश, तहसीलदार पुष्पक, सहायक पंचायत अधिकारी कमलाकांत, एडीओ आईएसबी प्रदीप अनुरागी आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed