Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Banda News ›   Accused of abduction and rape escapes from police station after untying his bonds

Banda News: रस्सी खोल अपहरण व दुष्कर्म का आरोपी थाने से भागा

Sun, 01 Nov 2026 11:03 PM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बांदा
संवाद न्यूज एजेंसी, बांदा Updated Sun, 01 Nov 2026 11:03 PM IST
विज्ञापन
Accused of abduction and rape escapes from police station after untying his bonds
फोटो 9- आरोपी मलखान। स्रोत : पुलिस।
बांदा। बिसंडा थाने से रविवार तड़के अपहरण और दुष्कर्म करने का आरोपी देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव महोखर निवासी मलखान यादव (30) भाग गया। उसने हथकड़ी के पास की रस्सी खोली और भागने में कामयाब हुआ।
विज्ञापन

पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी में तैनात हेड कांस्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया। आरोपी और हेड कांस्टेबल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई है। पुलिस ने शनिवार को मलखान यादव को बिसंडा थानाक्षेत्र के एक गांव से पकड़ा था। उस पर क्षेत्र के एक गांव की किशोरी का अपहरण कर दुष्कर्म करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज है। उसे बिसंडा थाने में हथकड़ी लगाकर रखा।
विज्ञापन

हथकड़ी की रस्सी का दूसरा छोर हवालात की सलाखों से बांध दिया था। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सुबह करीब 4:12 बजे आरोपी ने हथकड़ी में लगी रस्सी को हथकड़ी वाले सिरे से खोला और फरार हो गया। उस समय निगरानी में तैनात हेड कांस्टेबल सर्वेश कुमार नींद में थे। कुछ देर बाद उनकी नींद खुली। आरोपी के भागने का पता चलते ही थाने में खलबली मच गई। थानाध्यक्ष चंद्रप्रकाश तिवारी ने उच्चाधिकारियों को मामले की जानकारी।
विज्ञापन
विज्ञापन

सीसीटीवी फुटेज चेक की गई। मलखान यादव थाने से भागते हुए नजर आया। उसकी कई जगह तलाश कराई गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चार टीमें बनाई गईं। आरोपी की तलाश की जा रही है।
वर्जन
बिसंडा थाने से अपहरण व दुष्कर्म का आरोपी हथकड़ी की रस्सी खोलकर भाग निकला है। रात्रिकालीन ड्यूटी अधिकारी की तहरीर पर आरोपी और लापरवाही पर हेड कांस्टेबल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। आरोपी की तलाश के लिए चार टीमों का गठन किया गया है। उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। हेड कांस्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
-पलाश बंसल, पुलिस अधीक्षक, बांदा।
---
पहरे में नजरें चुराकर खोली रस्सी की गांठ
बिसंडा थाने से फरार अपहरण व दुष्कर्म करने का आरोपी महोखर निवासी मलखान यादव ने फरार होने के लिए शातिराना अंदाज अपनाया।
उसने पहरे में नजरें चुरा हथकड़ी में बंधी रस्सी की गांठ खोली और भाग निकला। उसके हाथ में हथकड़ी लगी हुई थी, जिसे छिपाने के लिए पीले रंग का कुर्ता उतारा और हाथों को ढककर बनियान में ही थाने से भाग निकला। उसके भागने का घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया है।
मलखान यादव के खिलाफ नौ अप्रैल 2026 को बिसंडा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने 13 वर्षीय पुत्री को अपहरण कर ले जाने और दुष्कर्म की धारा में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस तब से उसकी तलाश में कर रही थी। शनिवार को मुखबिर की सूचना पर क्षेत्र के एक गांव से आरोपी और किशोरी मिल गई। पुलिस किशोरी और मलखान को थाने लेकर आई थी।
कुर्सी डाले कांस्टेबल कर रहे थे निगरानी
रात्रिकालीन ड्यूटी में एसआई सतेश मिश्रा तैनात थे। वह क्षेत्र भ्रमण पर थे। मलखान यादव की निगरानी के लिए दो सिपाहियों की ड्यूटी लगाई गई थी। एक की तबीयत अचानक खराब होने से वह ड्यूटी में नहीं आ सके। सिर्फ हेड कांस्टेबल सर्वेश कुमार ही उसकी निगरानी कर रहे थे। कार्यालय में दो हेड कांस्टेबल और पहरे में भी होमगार्ड की ड्यूटी थी। आरोपी मलखान यादव के पास ही कुर्सी डाले बैठे सिपाही सर्वेश कुमार को भी नींद लग गई, इससे यह घटना हो गई।
एक सिपाही के भरोसे निगरानी पड़ी भारी
बिसंडा थाने में लगे पांचों सीसीटीवी कैमरे चालू थे। इससे घटनाक्रम के फुटेज कैमरे में कैद होते गए। अगर कैमरा खराब होते तो शायद घटना पता नहीं चलती। सबसे बड़ी लापरवाही आरोपी की निगरानी में एक ही सिपाही को लगाया जाना साबित हुआ। अगर एक सिपाही की तबीयत खराब हो गई थी तो किसी अन्य सिपाही की ड्यूटी लगाई जानी चाहिए थी।
50 से अधिक सीसीटीवी खंगाले
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने आरोपी की तलाश में बिसंडा थाना, देहात कोतवाली, एसओजी व सर्विलांस टीम को लगाया है। दोनों थाना क्षेत्र के आसपास जंगल में उसकी तलाश की जा रही है। सर्विलांस को सक्रिय कर दिया है। टीम ने थाने के बाहर आसपास लगे करीब 50 से अधिक सीसीटीवी को चेक किया।
---
पहले भी पुलिस अभिरक्षा में फरार हुए कई आरोपी
जिले में पहले भी आरोपी पुलिस कस्टडी और कड़ी सुरक्षा में चकमा देकर फरार हो चुके हैं। उनकी तलाश हुई। कई पुलिसकर्मियों के खिलाफ लाइन हाजिर और निलंबन की कार्रवाई तक की गई। ताजा मामला बिसंडा थाने का है।
- एक नवंबर 2026 : बिसंडा थाने से किशोरी के अपहरण और दुष्कर्म का आरोपी मलखान यादव सुबह 4:12 बजे ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल सर्वेश यादव की लापरवाही का फायदा उठाकर हथकड़ी की रस्सी खोल फरार हो गया।
- 14 अगस्त 2026 : कचहरी परिसर से एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल में बंद आरोपी संजय सिंह न्यायालय में पेशी के दौरान पुलिस कर्मियों से रस्सी झटक कर फरार हुआ।
- जनवरी 2026: चोरी का आरोपित चुन्नू कोटार्य न्यायालय परिसर अतर्रा से पेशी के बाद कैदी वाहन से जेल वापस ले जाते समय पुलिसकर्मियों के हाथ से रस्सी छुड़ा बल्लान गांव की तरफ भाग निकला।

- दिसंबर 2025 : रानी दुर्गावती मेडिकल काॅलेज के अस्पताल से इलाज के दौरान दिव्यांग अतुल पुलिस अभिरक्षा से फरार हुआ।
- आठ अगस्त 2012 : अतर्रा थाना क्षेत्र- गड़रा नाला के पास से इतिहास की सबसे बड़ी कस्टडी से फरार होने की घटना हुई। चित्रकूट कोर्ट पेशी के लिए ले जाते समय 13 कैदी एक साथ फरार हुए थे।

----------
थाने से आरोपी के भागने की जांच शुरू
बिसंडा थाने से हथकड़ी समेत भागे अपहरण व दुष्कर्म के आरोपी मलखान यादव प्रकरण की जांच नरैनी सीओ प्रवीण यादव को सौंपी है। जांच के बाद ही लापरवाही साबित होने पर हेड कांस्टेबल सर्वेश यादव के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई हो सकती है। फिलहाल उन्हें लाइन हाजिर किया गया है। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच में लापरवाही सिद्ध होने पर हेड कांस्टेबल का निलंबन किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed