Balrampur News: पानी टंकी का निर्माण अधूरा, पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
बलरामपुर में पानी टंकी का निर्माण अधूरा पड़ा है। पेयजल संकट को लेकर ग्रामीण परेशान है। समस्या के निदान की मांग करते हुए प्रदर्शन किया।
विस्तार
यूपी के बलरामपुर में स्थानीय ब्लॉक के गनवरिया लक्ष्मनपुर गांव में दो साल बाद भी पानी टंकी का निर्माण पूरा नहीं हो पाया है। पानी टंकी का काम अधूरा होने से ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल नहीं मिल पा रहा है। पेयजल संकट से जूझ रहे ग्रामीणों ने शनिवार को विभागीय लापरवाही के खिलाफ आक्रोश जताते हुए विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द पानी टंकी का निर्माण कार्य पूरा करवाकर जलापूर्ति शुरू कराए जाने की मांग जिलाधिकारी से की है।
प्रधान प्रतिनिधि संजय सिंह के नेतृत्व में तिलकराम वर्मा, नीबर वर्मा, लालजी मिश्र, राम फकीरे, बड़कऊ, रामचंद्र, विनय कुमार, मेवालाल, गिरधारी प्रसाद, ननके, रिजवान, जगदेव, पेशकार, अमरेश वर्मा, रामदुलारे, ननके, रामकुमार, सत्रोहन, सोहनलाल, दीनानाथ यादव तथा नाथूराम आदि ने शनिवार को गांव में ही विरोध प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की।
ग्रामीणों ने कहा कि गनवरिया लक्ष्मनपुर गांव में स्वच्छ जल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जल जीवन मिशन, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग की तरफ से 209.25 लाख रुपए की लागत से पानी टंकी का निर्माण कराने के लिए वर्ष 2022 में ही कार्य शुरू किया गया था। 24 सितंबर 2024 तक निर्माण कार्य पूरा होना था, लेकिन कार्यदाई संस्था ने अभीतक कार्य पूरा नहीं किया है।
बोरिंग करके हैंडपंप नहीं लगाया जा सकता
इतना ही नहीं बोरिंग किए बिना ही बाउंड्रीवाल बनाकर कार्यदाई संस्था फरार हो गई है। यह ब्लाक हार्ड एरिया में आने के कारण यहां गहरी बोरिंग करके हैंडपंप नहीं लगाया जा सकता है। ऐसे में पानी टंकी का निर्माण अधूरा होने से ग्रामीण दूषित पानी पीने को विवश हैं।
इन लोगों ने पेयजल संकट से निजात दिलाए जाने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही पानी टंकी का निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया गया तो हम लोग जिला मुख्यालय पहुंचकर धरना-प्रदर्शन करेंगे। ग्राम प्रधान रूबी सिंह ने बताया कि पानी टंकी का निर्माण कार्य पूरा कराने के लिए संबंधित अधिकारियों से कई बार मांग की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
जल्द ही पूरा कराया जाएगा निर्माण कार्य
एक्सईएन जल जीवन मिशन संदीप सिंह ने बताया कि एक सप्ताह के अंदर पानी टंकी का काम दोबारा शुरू कराया जायेगा। जल्द ही निर्माण कार्य पूरा कराकर जलापूर्ति शुरू कराई जाएगी।