बलरामपुर। मंडलायुक्त देवीपाटन मंडल शशि भूषण लाल सुशील ने बुधवार को बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति बी पैक्स सेखुईकला का निरीक्षण किया। किसानों से बातचीत कर खाद वितरण की हकीकत परखी। इस दौरान उन्होंने बेलवा सुल्तानजोत तटबंध एवं निर्माणाधीन मां पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय का भी निरीक्षण किया।
मंडलायुक्त ने साधन सहकारी समिति सेखुइकला में ईपाॅस मशीन, स्टाॅक उपलब्धता एवं वितरण रजिस्टर का अवलोकन करते हुए प्रभारी को निर्धारित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने किसानों से बातचीत करते हुए उर्वरक वितरण के बारे में फीडबैक भी लिया। तटबंध का निरीक्षण करते हुए कटान रोधी कार्यों का भौतिक सत्यापन किया। उन्होंने तटबंध के सुदृढ़ीकरण, स्लाइड स्लोप के कार्य, रिवर साइड क्राॅस ड्रेनेज कार्य का भी जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने मां पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय के निरीक्षण के दौरान उन्होंने हाईटेंशन विद्युत लाइन को शिफ्ट किए जाने के कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।