बलिया। नगर के चित्तू पांडेय के समीप स्थित रेलवे क्रासिंग पर बृहस्पतिवार की दोपहर मालगाड़ी की चपेट में आने से वृद्ध महिला की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण के लिए भेज दिया। मृतक महिला की शिनाख्त पकड़ी थाना के ननहुल निवासी शारदा देवी (60) पत्नी रामप्रवेश यादव के रूप में उसके पुत्र ने की।
बताया जाता है कि पकड़ी थाना क्षेत्र के ननहुल निवासी शारदा देवी अपने पुत्र के साथ गठिया रोग को दिखाने के लिए डॉक्टर के पास बलिया आई थी। डॉक्टर को दिखाने के बाद ई-रिक्शा से वापस घर जा रही थी। जैसे ही वह नगर के चित्तू पांडेय के समीप स्थित रेलवे क्रासिंग पर पहुंची कि मालगाड़ी आ गई और खड़ी हो गई। इसी बीच मृतका व उसका बेटा ट्रेन के नीचे से गुजरने लगे। बेटा आगे निकल गया, लेकिन मां गठिया के चलते धीरे-धीरे निकल रह थी, तभी ट्रेन चल दी। जिसकी चपेट में महिला आ गई और उसका शरीर क्षत-विक्षप्त हो गया। घटना के बाद वहां सैकड़ों की भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में ले लिया।