बलिया। गाजीपुर निवासी कुंती देवी ने बेटी के ससुराल वालों पर दहेज के लिए शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित का आरोप लगाया है। मनियर पुलिस ने मां की तहरीर पर बेटी के पति संतोष चौहान, ससुर सरल प्रसाद, ननद सरिता, देवर नंदू कुमार, जेठ मोहन प्रसाद पर मुकदमा दर्ज किया है।
करीमुद्दीनपुर थाना के खडहरा गांव निवासी कुंती देवी ने कहा की अपनी लडकी सीता की शादी संतोष कुमार निवासी नवका गाँव (ककरघट्टा खास) के साथ तीन जुलाई 2022 को किया था। कुछ दिन बाद ससुराल वाले दहेज में अपाची दो पहिया मोटरसाइकिल मांगने लगे। मना करने पर मेरी लडकी को मारपीट कर शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। पंचायत के बाद रखने को तैयार हुए। सितंबर 2023 को मेरे बेटी को ससुर सरल, ननद सरिता, देवर नन्दू, पति संतोष व जेठ मोहन दहेज की मांग को लेकर फिर उत्पीड़न करने लगे, जिसका विरोध करने पर बेटी की बुरी तरह मारपीट कर बाँसडीह लाकर छोड दिया। इसकी जानकारी होने पर उसे घर लेकर आए। मनियर थाने पर इसकी शिकायत करने पर दरोगा ने परिवारिक मामला बताते हुए आपस में जाकर समझ लेने की बात कह खदेड़ दिया। कुंती देवी ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर ससुराल वालों पर बेटी की हत्या कर दूसरी शादी करने की धमकी देने की शिकायत की, उनके निर्देश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी मंतोष कुमार ने कहा कि पीड़िता की शिकायत पर पति समेत पांच आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।