UP Board Exam: बलिया में नकल का खेल बदस्तूर जारी, दूसरे की जगह परीक्षा दे रहे चार लोग पकड़े गए
बलिया में हाईस्कूल की संस्कृत व इंटरमीडिएट की चित्रकला परीक्षा में नकल माफिया ने सेंध लगा दी। हाईस्कूल संस्कृत की परीक्षा में चार लोग दूसरे के स्थान पर परीक्षा दे रहे थे जो जांच में पकड़े गए।
विस्तार
यूपी माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित बोर्ड परीक्षा में बलिया में नकल का खेल बदस्तूर जारी है। हालांकि पकड़े गए नकलचियों पर कड़ी कार्रवाई भी हो रही है। इसके बाद भी नकल पर विराम लगता नहीं दिख रहा है। दूसरों की जगह परीक्षा देने वालों में भी भय नहीं है।
परीक्षा में बुधवार की पहली पाली में दूसरों की जगह परीक्षा दे रहे चार लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया गया है। वहीं अन्य पांच नकलचियों को परीक्षा से निष्कासित कर दिया गया। यूपी बोर्ड परीक्षा में बुधवार को हाईस्कूल की संस्कृत व इंटरमीडिएट की चित्रकला परीक्षा में नकल माफिया ने सेंध लगा दी।
हाईस्कूल संस्कृत की परीक्षा में चार लोग दूसरे के स्थान पर परीक्षा दे रहे थे जो जांच में पकड़े गए। हाईस्कूल की संस्कृत परीक्षा में 12024 तथा इंटरमीडिएट की चित्रकला परीक्षा से 41 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं महात्मा गांधी इंटर कॉलेज दलन छपरा में दूसरे की जगह परीक्षा देते हुए बुधवार को एक युवक पकड़ा गया।
गणित की परीक्षा में पकड़े गए थे 11 लोग
केंद्र व्यवस्थापक ने तत्काल पुलिस को बुलाकर उसे सौंप दिया। इससे पहले मंगलवार को हाईस्कूल की गणित की परीक्षा में जनता इंटर कॉलेज नगरा में दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते 11 छात्र पकड़े गए थे। इस मामले में स्कूल प्रबंधक व उसके भाई के अलावा पकड़े गए आरोपियों पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
वाराणसी में एक हजार छात्रों ने छोड़ी चित्रकला की परीक्षा
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल की परीक्षा के संस्कृत का प्रश्नपत्र आसान आने पर छात्र-छात्राओं के चेहरे खिले रहे। परीक्षा देकर बाहर निकलीं छात्र-छात्राएं खुश नजर आईं। उनसे प्रश्न पत्र के बारे में बात की गई तो सभी परीक्षा में अच्छे नंबर आने को लेकर आश्वस्त नजर आए।
बुधवार को वाराणसी जिले में प्रथम पाली में हाईस्कूल में संस्कृत विषय की परीक्षा थी। जो सुबह आठ बजे से शुरू होकर 11:15 तक 138 केंद्रों पर हुई। परीक्षा के लिए आठ हजार 291 छात्र पंजीकृत थे। 343 छात्र परीक्षा में अनुपस्थित रहे। वहीं इंटरमीडिएट पहली पाली में 128 केंद्रों पर चित्रकला की परीक्षा हुई। इसमें 13606 छात्र पंजीकृत थे, जबकि 12606 छात्रों ने परीक्षा दी। 1000 छात्रों ने चित्रकला विषय की परीक्षा छोड़ दी।
यूपी बोर्ड की दूसरी पाली की परीक्षा में हाईस्कूल में संगीत वादन की परीक्षा हुई, तो वहीं इंटरमीडिएट में उर्दू व गुजराती भाषा की परीक्षा हुई। हाईस्कूल की संगीत वादन विषय की परीक्षा जिले के छह परीक्षा केंद्रों पर हुई। इसमें 84 छात्र पंजीकृत थे। 81 छात्रों ने परीक्षा दी, जबकि तीन ने परीक्षा छोड़ दी। इंटर में कुल 24 केंद्रों पर उर्दू व गुजराती विषय की परीक्षा हुई। जिसमें 433 छात्र पंजीकृत थे। इस परीक्षा में 408 छात्रों ने परीक्षा दी, जबकि 25 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी।