ब्लॉक प्रमुख चुनाव 2021: बलिया में तीन-तीन सीटों पर भाजपा-निर्दल प्रत्याशी जीते, सपा-बसपा का भी खुला खाता
यूपी ब्लॉक प्रमुख चुनाव 2021: बलिया जिले में छिटपुट घटनाओं के बीच नौ ब्लॉक मुख्यालयों पर प्रमुख के लिए चुनाव हुआ। इसके बाद शाम को ही परिणाम घोषित कर दिया। जीत के बाद विजयी उम्मीदवा समर्थकों के साथ जश्न में डूबे नजर आए।
विस्तार
बलिया जिले में छिटपुट घटनाओं के बीच शनिवार को ब्लॉक प्रमुख के नौ पदों के लिए शांतिपूर्वक मतदान संपन्न हुआ। इसमें 822 क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने नौ प्रमुख पदों पर फैसला किया। कुल 17 ब्लॉकों में आठ पर पहले ही निर्विरोध निर्वाचन हो गया था। नौ ब्लॉकों में सपा ने दो, निर्दलों ने तीन, बसपा ने एक और भाजपा ने तीन सीटों पर परचम लहराने में सफलता प्राप्त की। जीत के बाद विजयी उम्मीदवारों के समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया।
इसके पूर्व शुक्रवार को निर्विरोध निर्वाचित हुए ब्लॉक प्रमुखों में सपा के दो, भाजपा के पांच और एक निर्दल उम्मीदवार विजयी घोषित हुआ था। इस प्रकार, जिले के 17 ब्लॉकों में चार सीटों पर सपा, आठ ब्लॉकों में भाजपा, एक विकास खंड में बसपा और चार क्षेत्र पंचायतों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने कब्जा जमाया है।
मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के लिहाज से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। दिन में मतदान शुरू होने के बाद ही सोहांव ब्लॉक में प्रत्याशी की कार पर गोली चलने की सूचना मिली। मौके पर स्थानीय पुलिस समेत एसपी भी पहुंचे। वहीं, सोनवानी स्थित बेलहरी ब्लॉक मुख्यालय में एक महिला फर्जी मतदान करने के प्रयास में पुलिस द्वारा पकड़ ली गई।
इसी को लेकर सपा और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जमकर हूटिंग हुई। पुलिस ने हस्तक्षेप कर दोनों दलों के कार्यकर्ताओं खदेड़ा। सपाजनों का आरोप था कि बैरिया विधायक जबरन मतदान केंद्र में प्रवेश कर वोटिंग को प्रभावित करना चाहते थे।
बलिया के 17 ब्लॉकों के नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख-
सोहांव : भाग्यमनी यादव (सपा)
रसड़ा : प्रभाकर राम (बसपा)
बांसडीह : सुशीला वर्मा (निर्दल)
नगरा : अंजू देवी (भाजपा)
मनियर : सपना सोनी (भाजपा)
रेवती : वीरबहादुर राजभर (निर्दल)
हनुमानगंज : उषा देवी (भाजपा)
सीयर : आलोक सिंह (निर्दल)
बेलहरी : शशांक तिवारी (सपा)
पंदह : राघवेंद्र प्रताप यादव
नवानगर : केशव चौधरी(भाजपा)
चिलकहर : आदित्य गर्ग (सपा)
मुरलीछपरा : कन्हैया सिंह (भाजपा)
बैरिया : मधु सिंह(भाजपा)
बेरुआरबारी : चंद्रभूषण सिंह भोला सिंह(भाजपा)
दुबहड़ : रीता सिंह(सपा)
गड़वार : अतुल प्रताप सिंह(भाजपा)