बलिया। नरही पुलिस ने शनिवार की रात मुखबिर की सूचना पर वांछित दो आरोपियों को क्षेत्र के भरौली चौराहे से रिवाल्वर और तमंचा के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत दोनों का चालान कर दिया।
पुलिस की मानें तो मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के पिपरा कला गांव निवासी रणविजय सिंह उर्फ गोलू पुत्र दिग्विजय सिंह तथा राघवेंद्र सिंह उर्फ सतीश पुत्र रामजी सिंह अवैध हथियारों के साथ भरौली चौराहे पर हैं। जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान दोनों के पास से पुलिस ने एक रिवाल्वर, पांच कारतूस, एक देशी तमंचा व तीन कारतूस बरामद किया। पकड़े गए आरोपियों के विरूद्ध थाना नरही में आर्म्स एक्ट व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेजा गया, जहां से न्यायालय ने जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपी राघवेंद्र सिंह उर्फ सतीश के विरूद्ध नरही में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज हैं। इसी प्रकार रणविजय सिंह उर्फ गोलू के विरूद्ध भी नरही थाने में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में नरही थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र बहादुर सिंह, उप निरीक्षक मदन पटेल, कांस्टेबल चंदन यादव, राजीव यादव, राहुल प्रसाद आदि रहे।