फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Ballia News ›   top news of varanasi Money extorted by making false promise of marriage Holika decorated like pyre

News: वाराणसी की ये खबरें रहीं चर्चा में..., शादी का झूठा वादा करके पैसे हड़पे; चिता के जैसे होलिका सजाई

Tue, 11 Mar 2025 03:12 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, बलिया।
अमर उजाला नेटवर्क, बलिया। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Tue, 11 Mar 2025 03:12 AM IST
सार

शादी का झांसा देकर पैसा हड़पने के मामले में तीन अभियुक्तों का अग्रिम जमानत प्रार्थना पत्र निरस्त कर दी गई। वहीं, पांडेयपुर इलाके में चिता की तरह होलिका रखी गई है। पुलिस की चेतावनी के बावजूद उसका स्वरूप नहीं बदला गया। आईए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
top news of varanasi Money extorted by making false promise of marriage Holika decorated like pyre
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

स्पेशल जज (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) शैलेंद्र सिंह ने शादी का झांसा देकर पैसा हड़पने के मामले में तीन अभियुक्तों का अग्रिम जमानत प्रार्थना पत्र निरस्त कर दिया। अभियोजन के अनुसार, बीएचयू के डॉ. अनुराग राणा की दोस्ती उनकी बहन सुप्रिया राणा की सहेली अचला गुगलानी से हुई थी। 

विज्ञापन


अचला गुगलानी और उनके माता-पिता व भाई द्वारा शादी का प्रस्ताव डॉ. अनुराग राणा को दिया गया। इस पर वह सहमत हो गए। इसी विश्वास में उन्होंने 27 लाख 50 हजार रुपये अचला गुगलानी को दिया। बाद में पता चला कि अचला गुगलानी ने किसी अन्य व्यक्ति से शादी कर ली है। 
विज्ञापन


अपना पैसा वापस मांगने पर डॉ. राणा को धमकी दी गई। न्यायालय ने अचला के मां-बाप अशोक गुगलानी व सरल गुगलानी और भाई निश्चल गुगलानी के अग्रिम जमानत प्रार्थना पत्र को निरस्त कर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन


मसाजिद कमेटी पेश नहीं हुई तो एकपक्षीय सुनवाई शुरू होगी
ज्ञानवापी में तीन साल पुराने जमीन की अदला-बदली को गलत बताते हुए कॉरिडोर की सारी जमीन बाबा विश्वनाथ के नाम करने के अधिवक्ता नित्यानंद राय के मुकदमे की सुनवाई शुक्रवार को सिविल जज सीनियर डिवीजन हितेश अग्रवाल की अदालत में हुई। अदालत ने सुनवाई के लिए अगली तिथि दो अप्रैल नियत की है।

वादी अधिवक्ता नित्यानंद राय ने अदालत को बताया कि प्रकरण में राज्य सरकार के अधिवक्ता राजेश मिश्रा और विश्वनाथ धाम ट्रस्ट के अधिवक्ता रवि पांडेय दावे की काॅपी ले चुके हैं। मगर, अंजुमन इंतेजामिया मसाजिद कमेटी को मुकदमे की पूरी जानकारी होने के बावजूद वह हाजिर नहीं हो रहे हैं। 

लिहाजा मसाजिद कमेटी के खिलाफ एकपक्षीय रूप से मुकदमा आगे बढ़ाया जाए। इस पर अदालत ने कहा कि मसाजिद कमेटी को एक और मौका देते हैं। अगर अगली तारीख तक अदालत में वह हाजिर नहीं होते हैं तो एकपक्षीय सुनवाई शुरू करेंगे। 

चौसट्ठी घाट पर गंगा में दिल्ली का युवक डूबा
चौसट्ठी घाट पर गंगा में स्नान के दौरान सोमवार को एक युवक डूब गया। सूचना पाकर जल पुलिस और 11 एनडीआरएफ के गोताखोरों ने युवक का शव गंगा से बाहर निकाला। दशाश्वमेध थाने की पुलिस ने युवक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है।

दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सेक्टर-4, द्वारिका का रहने वाला कुश गुप्ता (21) आईआईटी-बीएचयू के काशीयात्रा कार्यक्रम के लिए गत 6 मार्च को 30 युवकों के दल के साथ काशी आया था। आईआईटी-बीएचयू में आयोजन खत्म होने के बाद वह बनारस में ही ठहरा हुआ था। सोमवार को चौसट्ठी घाट पर गंगा में स्नान करने के दौरान वह गहरे पानी में जाकर डूब गया। दशाश्वमेध थाने की पुलिस के अनुसार परिजनों के आने पर शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

चिता के जैसे होलिका सजाई, पुलिस करेगी कार्रवाई
पांडेयपुर इलाके में चिता की तरह होलिका रखी गई है। पुलिस की चेतावनी के बावजूद उसका स्वरूप नहीं बदला गया। इसे लेकर अर्दली बाजार चौकी प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने विधिक कार्रवाई के लिए कैंट थाने में तहरीर दी है।

पांडेयपुर चौराहा स्थित इच्छापूर्ति शिव मंदिर के पास सड़क किनारे हर वर्ष की भांति इस बार होलिका के स्थान पर लकड़ी के पांच ढांचे चिता की तरह सजाए गए हैं। उनके पास अंत्येष्टि करने वालों के पुतले भी खड़े किए गए हैं। चौकी इंचार्ज के अनुसार मौके पर सोमवार को डांस का प्रोग्राम भी चल रहा था। 

इसके चलते सड़क पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई थी और यातायात बाधित हो गया था। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिला। क्योंकि इस तरह के दृश्य से धार्मिक और सामाजिक भावनाएं आहत होने की आशंका है। प्राथमिक जांच कर दो आयोजकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।

घर से कॉलेज के लिए निकली छात्रा लापता
रामनगर के मढि़या स्थित घर से गत आठ मार्च को कॉलेज के लिए निकली छात्रा वापस नहीं लौटी। छात्रा के परिजनों ने चंदौली के मुगलसराय थाने में तहरीर दी है। रामनगर के डोमरी स्थित एक महिला डिग्री कॉलेज में पढ़ने वाली छात्रा का घर सूजाबाद में है। उसका एक घर मढि़या में भी है। मढि़या स्थित आवास से वह बीते शनिवार को कॉलेज के लिए निकली तो वापस नहीं आई। पुलिस छात्रा की तलाश कर रही है।

वीडीए ने अवैध प्लाॅटिंग ध्वस्त कराई
वीडीए वाराणसी जोन-1 की प्रवर्तन टीम ने सोमवार को अवैध प्लाॅटिंग ध्वस्त कराई। टीम ने वार्ड- शिवपुर के बेनीपुर में अवैध प्लाॅटिंग पर कार्रवाई की। मौके पर जोनल अधिकारी शिवाजी मिश्रा, अवर अभियंता संजय तिवारी मौजूद रहे। वीडीए के उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने कहा कि ले-आउट स्वीकृत प्लॉट ही खरीदें और मानचित्र स्वीकृत कराकर निर्माण कार्य करें। 

कोहनी में लगी चोट तो लगा सब खत्म हो गया
कर्नाटक के जेएसडब्ल्यू एकेडमी में अभ्यास के दौरान फ्रीडम यादव का कोहनी डिस्लोकेट हो गया था। 2023 में चोट लगने पर आठ महीने तक खेल से दूर रहना पड़ा। लगा अब कभी मैट पर वापसी नहीं हो पाएगी। हालांकि, लगातार अभ्यास के बाद 2024 में एक के बाद एक 9 प्रतियोगिताओं में पदक हासिल किया।

तीन पार्कों को होगा सुंदरीकरण
कांशीराम आवासीय योजना के तहत सेंट्रल जेल रोड के पार्कों का सुंदरीकरण कराया जा रहा है। इसके नए रूप में हरा-भरा वातावरण देखने को मिलेगा। वीडीए के उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के निर्देश पर शिवपुर क्षेत्र में स्थित पार्कों को संवारा जा रहा है। इसमें आंबेडकर पार्क फेज-1, ग्रीन पार्क फेज-1, ब्लाॅक-5 के सामने स्थित पार्क, पानी टंकी के पास स्थित पार्क में बोरिंग, बाउंड्रीवॉल, प्लास्टर, पाथवे, पेंटिंग सहित अन्य काम कराए जाएंगे। 

मसान की होली में खूब उड़े ड्रोन, दो जब्त
हरिश्चंद्र घाट की मसान की होली में प्रतिबंध के बावजूद सोमवार को जमकर ड्रोन उड़े। भेलूपुर थाने की पुलिस महज दो ड्रोन को पकड़ने में सफल रही। इस क्रम में अस्सी चौकी इंचार्ज दिगंबर उपाध्याय ने हैदराबाद के चक्रधर रेड्डी और नई दिल्ली के आरके पुरम के दिशांत रावत का ड्रोन जब्त किया है। दोनों ने ड्रोन से फोटो-वीडियो शूटिंग के लिए इजाजत नहीं ली थी।

मकान खाली कराने को लेकर मारपीट, छह पर मुकदमा
सारनाथ के पहड़िया इलाके में मकान खाली कराने को लेकर कुछ लोगों ने एक व्यक्ति को मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। मामले को लेकर अदालत के आदेश से पीड़ित की तहरीर पर सारनाथ थाने में छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

सारनाथ थाने के पहड़िया इलाके के रहने वाले श्याम धनी के घर पर गत वर्ष 19 जुलाई को छह लोग पहुंचे। सभी मकान खाली कराने को लेकर अपशब्दों का प्रयोग करने लगे। आरोप है कि पहड़िया के प्रह्लाद के ललकारने पर सजीवन, गौरीशंकर, गोविंद, रामअवतार और पार्वती ने श्याम धनी के घर में घुस कर उनकी जमकर पिटाई की। मकान न खाली करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। मामले को लेकर सारनाथ थाने में गुहार लगाने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई तो श्याम धनी अदालत की शरण में गए।

स्कूल बस पलटी, ड्राइवर और दो बच्चे सुरक्षित
सेवापुरी के अकेलवा-गंगापुर मार्ग पर नरैचा गांव में सोमवार की दोपहर एक स्कूल की बस अनियंत्रित होकर पलट गई। संयोग अच्छा था कि हादसे के समय बस में ड्राइवर और दो बच्चे ही सवार थे। हादसे में तीनों बाल-बाल बच गए।

रोहनिया स्थित एक निजी स्कूल की बस लेकर चालक सूरज पटेल बच्चों को छोड़ने जा रहा था। रास्ते में बच्चों को उतारते हुए वह दो बच्चों को उतारने अकेलवा की तरफ जा रहा था। नरैचा गांव में बस अचानक पलट गई। बस के पलटते ही मौके पर ग्रामीण पहुंचे और शीशा तोड़ कर चालक और बच्चों को बाहर निकाले। स्कूल के प्रबंधक और पुलिस भी मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से बस को खड़ा किया गया। ग्रामीणों का कहना था कि बस चालक की लापरवाही से हादसा हुआ है। इस संबंध में जंसा थानाध्यक्ष ने बताया कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ है।

युवती के अपहरण के आरोप में युवक पर मुकदमा
बड़ागांव थाने में एक युवती के अपहरण के आरोप में मछलीगांव, फूलपुर निवासी राघवेंद्र वर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। युवती के भाई ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन गत दो मार्च से घर से लापता है। काफी खोजबीन के बाद पता लगा कि राघवेंद्र वर्मा उसकी बहन को बहला-फुसलाकर अपहरण किया है। बड़ागांव थाने की पुलिस मुकदमा दर्ज कर युवती और आरोपी युवक की तलाश कर रही है।

आज चार घंटे बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति
शहर में सड़क निर्माण में बाधक बन रहे खंभों की शिफ्टिंग और पेड़ कटाई से संबंधित कार्य को लेकर मंगलवार को चार घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। 33 केवी पांडेयपुर, दौलतपुर, उदयपुर उपकेंद्रों पर सुबह 11 बजे से शाम के 3 बजे तक बिजली बाधित रहेगी। इसके चलते लालपुर, अथका गांव, बजरंग नगर, संजय नगर, जीडी नगर, राय साहब का बगीचा के आसपास का क्षेत्र प्रभावित रहेगा। साथ ही 33 केवी करौदी, डाफी उपकेंद्र पर सुबह 12 बजे से दोपहर के 2 बजे तक बिजली बाधित रहेगी। हरुहआ उपकेंद्र से भी सुबह 10 से शाम 5 बजे तक आपूर्ति बाधित रहेगी।

सड़क हादसे में घायल युवती की उपचार के दौरान मौत
भगवानपुर में तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से घायल साइकिल सवार युवती की उपचार के दौरान बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में मौत हो गई। घटना के संबंध में युवती के पिता ने रविवार की शाम लंका थाने में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।

लंका थाना क्षेत्र के भगवानपुर निवासी त्रिलोकी नाथ ने पुलिस को बताया कि उनकी पुत्री चंदा कुमारी (24) महमूरगंज में एक निजी प्रतिष्ठान में काम करती थी। रोजाना की तरह काम से खाली होने के बाद वह गत आठ मार्च की शाम साइकिल से घर आ रही थी। भगवानपुर में एक तेज रफ्तार वाहन ने चंदा को टक्कर मार दी। 

हादसे में गंभीर रूप से घायल चंदा को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान रात एक बजे उसकी मौत हो गई। त्रिलोकी नाथ ने बताया कि हादसा सड़क किनारे लगे सीसी कैमरे में कैद है। लंका थाने की पुलिस सीसी फुटेज की मदद से टक्कर मारने वाले वाहन को चिह्नित करने का प्रयास कर रही है।

गैस कटर की चिंगारी से बर्तन की दुकान में आग लगी
लहरतारा आरओबी के पास सोमवार की अपराह्न मुन्ना सेठ की बर्तन की दुकान में आग लग गई। दुकानदार ने आसपास के लोगों की मदद से आग पर समय रहते काबू पा लिया। दुकानदार मुन्ना सेठ के अनुसार, वह अपनी दुकान के बारजा के ऊपर निकले हुए एंगल को गैस कटर से कटवा रहे थे।

उसी दौरान गैस कटर से निकली चिंगारी से दुकान में आग लग गई। सूचना पाकर लहरतारा चौकी इंचार्ज अमरजीत कुमार मौर्य ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। इसके साथ ही स्थानीय लोगों की सहायता से आग बुझाने में जुट गए। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी आ गई, लेकिन तब तक आग पर काबू पा लिया गया था। मुन्ना सेठ ने बताया कि आग लगने से मामूली नुकसान हुआ है।

ट्रेनों पर रंग फेंकने और स्टेशन परिसर में रील्स बनाने पर कार्रवाई
होली पर चलती ट्रेनों में रंग फेंकने और अन्य गतिविधियों को लेकर रेलवे सतर्क है। इसको लेकर संवेदनशील क्षेत्रों में आरपीएफ और जीआरपी ने निगरानी तेज कर दी है। स्टेशन परिसर में रील्स बनाने पर भी कार्रवाई की जाएगी।

रेल अधिकारियों के अनुसार रेलवे ट्रैक के आसपास के लोगों को आरपीएफ आगाह कर रही है कि कोई भी रंग न फेंके। पत्थरबाजी आदि जैसी घटनाओं में कार्रवाई की जाएगी। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि होली की भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष योजना है। स्टेशन पर ज्यादा भीड़ बढ़ने पर यात्रियों को सर्कुलेटिंग एरिया में ही रोका जाएगा। वहीं, जिस रूट पर अधिक यात्री होंगे, उस रूट पर स्पेशल ट्रेनें संचालित की जाएंगी। कंट्रोल रूम से इसकी बराबर निगरानी कराई जा रही है।

फ्लाईओवर के नीचे मॉडल बाजार बनाकर स्ट्रीट वेंडर को दिए जाएंगे
राष्ट्रीय फेरी पटरी ठेला व्यवसायी संगठन की ओर से सोमवार को पराड़कर स्मृति भवन में स्मार्ट सिटी में स्ट्रीट वेंडर्स की भूमिका पर गोष्ठी हुई। मुख्य अतिथि डॉ. प्रसन्न कुमार ने कहा कि स्ट्रीट वेंडरों को जीविकोपार्जन के साथ स्वास्थ्य का भी ख्याल करना चाहिए। आयुष्मान कार्ड जैसी योजना का भी लाभ ले सकतें हैं।

शिविर लगाकर स्वास्थ्य जांच की जाएगी। विशिष्ट अतिथि पार्षद प्रवीण कुमार राय ने कहा कि सभी फ्लाईओवर के नीचे मॉडल बाजार बनाकर स्ट्रीट वेंडर को दिए जाएंगे। यह प्रस्ताव मिनी सदन में प्रमुखता रखा जाएगा। इस मौके पर शिप्रा श्रीवास्तव, नंदिनी त्रिपाठी, अरविंद श्रीवास्तव, राजू शर्मा, मुन्ना शाह मौजूद रहे।

बरेका के चेतना विद्यालय के दिव्यांग प्रशिक्षुओं का हुआ आईक्यू टेस्ट
बरेका महिला कल्याण संगठन के सहयोग से संचालित चेतना विद्यालय के विशेष प्रशिक्षण केंद्र में सोमवार को दिव्यांग प्रशिक्षुओं का आईक्यू टेस्ट हुआ। मनोचिकित्सक डॉ. अजय तिवारी और सहयोगी चिकित्सकों ने चेतना विद्यालय के नौ प्रशिक्षुओं का आईक्यू टेस्ट लिया। प्राचार्या अंजू गुप्ता ने डॉ. अजय तिवारी और उनके सहयोगी टीम को सम्मानित किया। 

1996 में स्थापित चेतना विद्यालय दिव्यांग बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से निरंतर कार्यरत है। चेतना विद्यालय न केवल दिव्यांग बच्चों को शिक्षा देता है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न रोजगारपरक प्रशिक्षण भी प्रदान करता है। इस दौरान चेतना प्रभारी अंजु गुप्ता, प्राचार्य राखी, स्पीच थेरेपिस्ट सतीश पटेल आदि रहे। 

कृषि क्षेत्र में नवाचार करने के लिए किया प्रेरित
आइसार्क समन्वय समिति (आईसीसी) की 8वीं बैठक अंतरराष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान दक्षिण एशिया क्षेत्रीय केंद्र (आइसार्क) में हुई। इसमें समन्वय समिति के सदस्यों ने बीज क्षेत्र सशक्तिकरण, नीतिगत विकास, दक्षिण-दक्षिण सहयोग और नवाचारों के प्रसार पर मंथन किया। 

कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के संयुक्त सचिव अजीत कुमार साहू ने राष्ट्रीय बीज नीति में संशोधनों को आकार देने में आइसार्क को भागीदारी करने को कहा। इसमें जैव-पोषण और उच्च मूल्य वाले चावल की किस्मों का उत्पादन बढ़ाने पर चर्चा हुई। 

इसके लिए जीनोम एडिटिंग, बायोइन्फोर्मेटिक्स, कृषि यंत्रीकरण और एआई जैसी तकनीकों के इस्तेमाल पर बात की। धन्यवाद ज्ञापन आइसार्क निदेशक डॉ. सुधांशु सिंह ने किया। डॉ. जोंगसू शिन, डॉ. राम कृष्ण श्रेष्ठ, डॉ. देवेंद्र कुमार यादव, टीके शिबू मौजूद रहे। 

कबीरदास ने मानवता और प्रेम का दिया संदेश
समाज सेवा सारथी संस्था की ओर से सोमवार को कबीर प्राकट्य स्थल लहरतारा में एक विशेष कार्यक्रम हुआ। इसमें संस्था के सदस्यों को कबीरदास के जीवन और उनके आध्यात्मिक संदेशों को समझने का अवसर मिला। महंत गोविंद दास ने कबीर के समाज सुधारक विचारों, उनकी भक्ति परंपरा और उनके दोहों की व्याख्या की। 

उन्होंने बताया कि कबीरदास ने मानवता, प्रेम और समरसता का जो संदेश दिया था, वह आज भी प्रासंगिक है। इस पहल का उद्देश्य इस पवित्र स्थल को स्वच्छ और सुंदर बनाकर लोगों को इसके संरक्षण के प्रति जागरूक करना भी था। 

सारथी संस्था के अध्यक्ष सीए गौरव खण्डेलवाल ने कहा कि कबीरदास की शिक्षाए हमें जाति-धर्म के भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता की सेवा करने की प्रेरणा देती हैं। इस दौरान अजय मिश्रा, रविशंकर, रामकृष्ण मिश्र, मनीष गुप्ता, हर्षित पांडे आदि रहे।

अस्सी नदी का जीर्णोद्धार करेगा बीएचयू
अस्सी नदी के जीर्णोद्धार के लिए बीएचयू और सिंचाई विभाग की मदद ली जाएगी। इसके लिए वाराणसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में सोमवार को बैठक हुई। बीएचयू की टीम ने अस्सी नदी के ऐतिहासिक और भौगोलिक पहलुओं पर प्रकाश डाला।

बीएचयू के विशेषज्ञों ने बताया कि अस्सी नदी का उद्गम ऋषि दुर्वासा के आश्रम (प्रयागराज) से हुआ है और यह नदी भदोही और मिर्जापुर के कुछ हिस्सों से होते हुए वाराणसी तक आई है। इसके अलावा, बीएचयू द्वारा किए गए sTEM सर्वे के परिणामों को भी साझा किया गया। इसमें रिमोट सेंसिंग तकनीक का उपयोग करके नदी के चैनल को पहचाना गया। 

इस सर्वेक्षण में अस्सी नदी के कैचमेंट एरिया, वेटलैंड और वाटर बॉडी का भी सही-सही आकलन किया गया। बीएचयू ने अस्सी नदी के जीर्णोद्धार के लिए एक विस्तृत रेस्टोरेशन प्लान भी प्रस्तुत किया। इसमें नदी की स्वच्छता, पर्यावरणीय संतुलन और स्थानीय जीवनदायिनी के रूप में नदी की भूमिका को पुनर्स्थापित करने के उपाय शामिल हैं। 

एनसीओई सिगरा में महिला कुश्ती कोच तैनात
भारतीय खेल प्राधिकरण के नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस एनसीओई में महिला कुश्ती कोच की तैनाती हो गई है। कुश्ती कोच मानसी ने वाराणसी में ज्वाइन कर लिया है। साथ ही एनसीओई सिगरा में कोच की संख्या बढ़कर चार हो गई है। अप्रैल से खिलाड़ियों को मिलना शुरू हो जाएगा।

साई एनसीओई सेंटर वाराणसी प्रभारी शुभांशु द्विवेदी ने बताया कि वाराणसी एनसीओई के लिए चार कोच नियुक्त किए गए हैं। मुक्केबाजी के कोच अभिषेक मालवीय, तलवारबाजी कोच भाग्य श्री सिंह और कुश्ती के लिए भीम सिंह और मानसी को दी गई है। एनसीओई में प्रवेश हॉल में पैरा तीरंदाज शीतल देवी का 20 फीट ऊंची मूर्तिकला लगाई गई है।

सिगरा स्टेडियम में होगा मुक्केबाजी का ट्रायल
खेल विभाग और मुक्केबाजी संघ की ओर से प्रदेशस्तरीय खेल समन्वय जूनियर बालक मुक्केबाजी प्रतियोगिता बहराइच में खेली जाएगी। जिले की टीम का चयन ट्रायल 15 मार्च और मंडलीय टीम का चयन 16 मार्च को होगा। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह ने सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्पोटर्स स्टेडियम में सुबह नौ बजे से होगा।

59 कार्यालय जाएंगे एक बिल्डिंग में
वीडीए के उपाध्यक्ष पुलकित की अध्यक्षता में सोमवार को एकीकृत मंडलीय कार्यालय के संबंध में विकास प्राधिकरण के सभागार में बैठक हुई। बैठक में 13 विभाग के अधिकारियों को बुलाया गया था। अपर सचिव ने अधिकारियों को बताया कि एकीकृत मंडलीय कार्यालय के निर्माण का कार्य शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता में है।

इसमें मंडल स्तर के 59 कार्यालयों को एक ही बिल्डिंग में स्थानांतरित किया जाएगा। बैठक में अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा, अवाप्ति अनुभाग के तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक तथा सभी 13 विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

किसानों को दिए दलहनी फसलों के बीज
कृषि विभाग की ओर से राजकीय बीज गोदाम पर सोमवार को किसानों को दलहनी फसलों के बीज दिए गए। ब्लाॅक प्रमुख अभिषेक सिंह ने उड़द व मूंग के बीज की मिनी किट दी। ब्लाॅक प्रमुख ने किसानों को दलहनी फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने की सलाह दी। इस दौरान बीज गोदाम प्रभारी के साथ ही नीतीश कुमार सिंह, अनिल सिंह, संतोष, इंद्रमणि, सत्येंद्र कुमार सिंह,राजेश यादव, पारस पटेल आदि उपस्थित थे। 

आचार्य कमलाकांत त्रिपाठी को जगद्गुरु विश्वाराध्य विश्वभारती सम्मान
जगद्गुरु विश्वाराध्य जयंती का अधिवेशन सोमवार को जंगमबाड़ी मठ में हुआ। इस दौरान आचार्य कमलाकांत त्रिपाठी को श्री जगद्गुरु विश्वाराध्य विश्वभारती सम्मान मिला। वहीं, आचार्य धर्मदत्त चतुर्वेदी को आचार्य व्रजवल्लभद्विवेदी शैव भारती सम्मान, आचार्य मृत्युंजय त्रिपाठी को कोडीमठ संस्कृत साहित्य सम्मान दिया गया।

आचार्य परमेश्वर दत्त शुक्ल को जयदेवश्री साहित्य सम्मान, मातृशक्ति सम्मान पद्मश्री पांडुरंग पुराणिक और श्री सिद्धांत शिखामणि गौरव सम्मान डॉ. बृहस्पति भट्टाचार्य को प्रदान किया गया। इसके साथ ही श्रीसिद्धांत शिखामणि वंगीयानुवाद, मोक्ष नगरी का जीवन दर्शन और दि इंटरनेशनल जरनल ऑफ सोशलसाइंस एंड लिंग्विसटि्क्स का लोकार्पण किया गया।

मंदिर चौक पर कलाकारों ने पेश किया भजन
रंगभरी एकादशी के त्रिदिवसीय उत्सव के तीसरे व अंतिम दिन सोमवार को सायंकाल मंदिर चौक के शिवार्चनाम मंच पर सुर और ताल की सरिता बही। सांस्कृतिक संध्या के मुख्य अतिथि विधायक डाॅ. नीलकंठ तिवारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कलाकारों ने महादेव एवं माता गौरा से संबंधित भक्ति भजनों को प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। संचालन ललिता शर्मा एवं मीनाक्षी दीक्षित ने किया।

श्याम मंडल ने निकाली निशान ध्वजा यात्रा
श्री श्याम मंडल की ओर से रंगभरी एकादशी पर सोमवार को भव्य निशान ध्वजा यात्रा निकाली गई। फागुन महोत्सव के तहत संजय पुजारी ने पवन कुमार अग्रवाल, रजनी अग्रवाल, संजय अग्रवाल, मीना अग्रवाल के साथ निशान ध्वजा का पूजन-अर्चन कर आरती उतारी। कार्यक्रम संयोजक प्रवीण माखरिया, पवन कुमार अग्रवाल और सुरेश तुलस्यान ने भक्तों को ध्वजा देकर शोभायात्रा का शुभारंभ किया।

सोमवार को निकली शोभायात्रा में श्रद्धालु श्याम निशान लेकर खाटू श्याम के भजनों पर नाचते गाते चल रहे थे। रथयात्रा स्थित राधा कुंज से निशान ध्वजा यात्रा प्रारंभ हुई जो गुरुबाग होते हुए लक्सा स्थित श्याम मंदिर पहुंची। प्रभु के चरणों में निशान अर्पण किया गया।

शोभायात्रा में श्री कृष्ण स्वरूप खाटू श्याम बाबा की प्रतिमा सजाई गई थी। रास्ते भर प्रभु की आरती उतारी गई और पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। प्रभु को भोग लगाकर प्रसाद वितरण किया गया। एकादशी जागरण में श्याम प्रभु की झांकी सजाई गई। भजनों का सिलसिला रात भर चलता रहा।

महादेव को अबीर-गुलाल से किया सराबोर
रंगभरी एकादशी पर नमामि गंगे गंगा विचार मंच महानगर की ओर से गायघाट पर स्थित अति प्राचीन द्वादश ज्योतिर्लिंग को अबीर-गुलाल चढ़ाया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पंडित महेंद्र के आचार्यत्व में विधिवत गंगाजल से अभिषेक किया गया। पुष्पहार से शृंगार आदि के बाद भस्म, अबीर-गुलाल, राग-भोग अर्पित किया गया। जिला संयोजक शिवम अग्रहरि, जय विश्वकर्मा, उत्कर्ष कुशवाहा, रामप्रकाश जायसवाल, रेनू जायसवाल, किरण पांडेय, सपना वर्मा, ऊषा गुप्ता, कशिश रहीं। 

काशी विश्वनाथ धाम में रामचरित मानस नवाह्न पाठ 21 मार्च से
श्री काशी सत्संग मंडल की ओर से श्री काशी विश्वनाथ धाम में श्री रामचरितमानस नवाह्न परायण ज्ञान महायज्ञ 21 मार्च से आरंभ होगा। नौ दिनों तक विश्व शांति के लिए अनवरत हवन और महायज्ञ होगा। 20 मार्च को राम दरबार की प्रतिमा की स्थापना होगी और 21 मार्च को माता शृंगार गौरी का दर्शन-पूजन होगा। श्री राम कथा का उद्घाटन स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती और स्वामी आशुतोषानंद गिरि महाराज करेंगे। यह जानकारी आचार्य सूर्यलाल मिश्र ने दी।

पं. राजेश्वर आचार्य को रघुनाथ तलेगांवकर सम्मान
बीएचयू में पं. राजेश्वर आचार्य को पं. रघुनाथ तलेगांवकर जन्मशती सम्मान दिया गया। संगीत एवं मंच कला संकाय की डीन प्रो. संगीता पंडित और अंग्रेजी विभाग की प्रो. अर्चना कुमार को संगीत कला सेतु सम्मान से नवाजा गया। वाद्य संगीत विभाग के डॉ. चंदन विश्वकर्मा को संगीत सहोदर सम्मान मिला। 

बीएचयू के मालवीय मूल्य अनुशीलन केंद्र में आयोजित इस कार्यक्रम में हुईं शास्त्रीय बंदिशों ने ऑडियंस को सुरों में बांध दिया। डॉ. मेघा तलेगांवकर, शुभ्रा तलेगांवकर, प्रतिभा केशव तलेगांवकर, जतिन नागरानी और दर्शित राज सोनी ने मंच पर प्रस्तुतियां दीं।

विषमुक्त खाद्यान्न उत्पादन के लिए जैविक खेती अपनाएं
अंधाधुंध रसायनों का उपयोग करने से लोग बीमारियों के शिकार हो रहे हैं। ऐसे में विषमुक्त खाद्यान्न उत्पादन के लिए हमें जैविक खेती को अपनाना होगा। यह बातें चिरईगांव के ब्लाॅक प्रमुख अभिषेक कुमार सिंह ने सोमवार को मुरीदपुर गांव में कृषि विभाग की ओर से आयोजित जैविक किसान मेले में कहीं। 

उन्होंने कहा कि जैविक खेती से ही स्वस्थ जीवन जीने की परिकल्पना साकार की जा सकती है। इसके बाद किसानों को प्रमाणपत्र वितरित किया गया। इस दौरान ग्राम प्रधान प्रेमशंकर मिश्रा, सुशील पांडेय, ओम प्रकाश तिवारी, अमित सिंह, मनोज कुमार प्रजापति उपस्थित थे। 

सुरक्षा की दृष्टि से बौद्ध विहार पार्क का गेट हुआ बंद
सारनाथ स्थित मूलगंध कुटी बौद्ध विहार पार्क का एक गेट वन विभाग ने पिछले दिनों बंद कर दिया था। प्रभागीय वनाधिकारी स्वाति ने बताया कि गेस्ट हाउस में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के परिवार वाले रुकते हैं, उनकी सुरक्षा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। 

पार्क का गेट खुलने के बाहरी लोग आकर यहां बैठते हैं और मना करने पर वह विवाद करने लगते हैं। इस बात को भी ध्यान में रखते हुए भी गेट को बंद कर दिया गया है। गेट बंद होने से आम नागरिकों और पर्यटकों को कोई परेशानी न हो इसका विशेष ध्यान देने के लिए आला अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। 

बीएचयू रिसर्चर ने प्रधानमंत्री संग्रहालय में पढ़ा रामायण श्लोक
बीएचयू के दर्शन एवं धर्म विभाग में पोस्ट डॉक्टोरल फेलो डॉ. सौरभ राय ने प्रधानमंत्री संग्रहालय में फेलोमीट में प्रतिभाग कर विश्वविद्यालय का मान बढ़ाया है। प्रो. सतीश चंद्र दूबे के निर्देशन में पोस्ट डॉक्टोरल फेलो व गाजीपुर निवासी डॉ. सौरभ राय ने इस दौरान शैक्षणिक कार्य दार्शनिक राजा एवं रामराज्य की अवधारणा को प्रस्तुत किया। अपने प्रस्तुतीकरण की शुरुआत उन्होंने वाल्मीकि रामायण के श्लोक से की। उन्होंने बताया कि सत्य ही प्रारूप शब्द ब्रह्म है। सत्य में ही धर्म प्रतिष्ठित है। सत्य ही अविनाशी वेद है और सत्य से ही परम ब्रह्म की प्राप्ति होती है।

काशी विद्यापीठ में आज ऑनलाइन पढ़ाई, 15 तक होली अवकाश
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में होली के मद्देनजर मंगलवार को अवकाश रहेगा। इस दिन विश्वविद्यालय में ऑनलाइन पढ़ाई होगी। सोमवार को आदेश जारी कर दिया गया। विश्वविद्यालय में पूर्व घोषित 12 से 15 मार्च तक होली का अवकाश है। 

बीएचयू विश्वनाथ बाबा को अर्पित किया अबीर-गुलाल
बीएचयू में अबीर-गुलाल और गुलाब की पंखुड़ियों से रंगभरी एकादशी और होली मनाई गई। न्यू विश्वनाथ मंदिर में बाबा को अबीर-गुलाल अर्पित किया गया। इसके बाद पूरे मंदिर परिसर में प्रोफेसरों, छात्रों और कर्मचारियों ने एक-दूसरे को रंग गुलाल लगाकर रंगभरी एकादशी की बधाई दी। 

गुजिया और ठंडई का आनंद लिया। मंदिर के मानित व्यवस्थापक प्रो. विनय कुमार पांडेय के आचार्यत्व में पूजन-अर्चन हुआ। पूरे कैंपस में फाग महोत्सव की धूम रही। दृश्य कला संकाय के छात्र-छात्राओं ने होली सेलिब्रेट की। इस दौरान होली का हुड़दंग भी दिखा। रंग फेंकने के साथ ही कई छात्रों ने एक-दूसरे के कपड़े भी फाड़ डाले। 

एचआईवी से बचाव के लिए जागरूकता जरूरी
उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी और नैको के तत्वावधान में बीएचयू में आयोजित जीपा कन्वेंशन में लोगों को एचआईवी/एडस से बचाव के प्रति जागरूक किया। इस दौरान चिकित्सा विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो.एसएन संखवार ने कहा कि एचआईवी से बचाव के प्रति अब समाज में जागरूकता बढ़ रही है। 

इस बीमारी के रोकथाम की काफी जरूरत है। दो दिवसीय राज्य स्तरीय जीपा कन्वेंशन में आईएमएस निदेशक ने आईएमएस बीएचयू की इस जागरूकता मुहिम की सराहना की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी लखनऊ के संयुक्त निदेशक डॉ. रमेश चंद्र श्रीवास्तव ने राज्य सरकार ने इसकी रोकथाम केलिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में बताया।

 सर सुंदरलाल अस्पताल ब्लड बैंक के डॉ. आशुतोष सिंह ने कहा कि नियमित रक्तदान करके एचआईवी को फैलने से रोका जा सकता है। इससे थैलेसीमिया के बच्चों का भी जीवन बच सकता है। यहां चले तकनीकी सत्रों मं स्वैच्छिक रक्तदान अभियान, एचआईवी पॉजिटिव समुदाय की चुनौतियां, नैको की योजनाएं, आत्म निर्भर युवा आदि बिंदुओं पर चर्चा हुई। इसमें डॉ. बाला लखेंद्र, डॉ. अनुज दिक्षित, डॉ. प्रभजोत कौर, डॉ. धीरेंद्र कुमार राय, डॉ. शैलेंद्र कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।

आईएमएस बीएचयू के डाॅ. राजीव दूबे को फेलोशिप
आईएमएस बीएचयू के एनेस्थिसियोलॉजी और क्रिटिकल केयर विभाग के प्रोफेसर डॉ. राजीव कुमार दुबे को इंडियन कॉलेज ऑफ क्रिटिकल केयर मेडिसिन (एफआईसीसीएम) की फेलोशिप दी गई है। 7 मार्च को कोच्चि में समारोह में उन्होंने सम्मान ग्रहण किया। 

डॉ. दुबे के उत्कृष्ट योगदान, विशेष रूप से कोविड-19 महामारी के दौरान उनकी समर्पित सेवा, शैक्षणिक उत्कृष्टता, गंभीर रोगियों की सेवा और चिकित्सा शिक्षा को आगे बढ़ाने में उनके अथक प्रयासों को मान्यता देती है। बताया कि इंडियन कॉलेज ऑफ क्रिटिकल केयर मेडिसिन की फेलोशिप इस क्षेत्र के सर्वोच्च सम्मान में से एक है, जो उन प्रतिष्ठित चिकित्सकों को दी जाती है, जिन्होंने अनुसंधान और चिकित्सा-शिक्षा के प्रति असाधारण प्रतिबद्धता दिखाई है। 

शिविर में जो सीखा उसे जीवन में उतारें
डाॅ. घनश्याम सिंह पीजी कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन हुआ। इसमें विभिन्न छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों दीं। बतौर मुख्य वक्ता भाजपा की प्रदेश मंत्री मीना चौबे ने कहा कि शिविरों में मिलने वाला प्रशिक्षण व्वयहारिक जीवन में उपयोगी है। स्वयंसेवकों से शिविर में जो सीखा उसे जीवन में उतारने को कहा। 

समापन समारोह में छात्र-छात्राओं ने एनएसएस गीत के साथ ही लघु नाटक के माध्यम से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के प्रति जागरुक किया। प्राचार्य डॉ. आनंद सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य समाज सेवा के प्रति जागरुक करना है। 

अध्यक्षता करते हुए प्रबंधक नागेश्वर सिंह ने कहा कि इन आयोजनों से छात्रों का सर्वांगीण विकास होता है। साथ नेतृत्व कौशल भी विकसित होता है। संचालन डॉ.गौरव तिवारी,धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम अधिकारी डॉ.विपुल कुमार शुक्ल ने किया। डॉ. विवेकानंद चौबे,डॉ. डीवी सिंह, डॉ. देवेंद्र पांडेय, अरविंद चौबे आदि मौजूद रहे।

पहली बार तालाबों में ड्रोन से लार्वा का हुआ छिड़काव
एंटीलार्वा के छिड़काव के लिए पहली बार ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। इसकी शुरुआत सोमवार को काशी विद्यापीठ ब्लॉक के गांव सगहट व करसडा के तालाबों से की गई। छिड़काव के बाद जांच की गई तो लार्वा नष्ट मिले।

सीडीओ हिमांशु नागपाल के निर्देश पर यह तकनीक अपनाई गई। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि छोटे जलाशय व तालाब गंदा पानी भरा होता है। साथ ही ऐसे तालाबों में मच्छरों के लार्वा प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं। यहां छिड़काव कर संचारी रोगों पर नियंत्रण पाया जा सकेगा। 

सीएमओ ने बताया कि तालाब या जलाशय में एंटीलार्वा का छिड़काव चैलेंज हुआ करता है। ऐसे में सीडीओ ने ड्रोन से छिड़काव का सुझाव दिया था। इसके बाद यह प्रयोग किया गया और बाद में पानी की जांच में लार्वा नष्ट मिले। जिला मलेरिया अधिकारी शरत चंद पांडेय ने बताया कि ड्रोन से छिड़काव उन क्षेत्रों में कारगर है, जो व्यक्तियों के स्तर पर सुगम नहीं है। तालाबों की सूची तैयार कर सभी में छिड़काव किया जाएगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed