जयप्रकाश नगर। बैरिया थाना क्षेत्र के जयप्रकाश नगर स्थित पूर्वांचल ग्रामीण बैंक की शाखा में बुधवार की रात जंगला काटकर घुसे चोरों ने चोरी का प्रयास किया। चोरों ने अंदर प्रवेश कर सीसीटीवी, अलार्म, लाइट, कंप्यूटर आदि का केबल काट दिया लेकिन तिजोरी नहीं तोड़ सके। सुबह जब बैंककर्मी बैंक पहुंचे तो उनके होश उड़ गए और इसकी सूचना बैरिया थाने को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की।
बैैरिया थाना क्षेत्र के जयप्रकाश नगर में पूर्वांचल ग्रामीण बैंक की शाखा स्थित है। शाखा में बुधवार को बैंक कर्मी पूरे दिवस कार्य करने के बाद शाम को बैंक बंद कर अपने अपने घर चले गए। जब बृहस्पतिवार की सुबह बैंक खोलने के लिए बैंककर्मी बैंक पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि बैंक के गेट की कुंडी टूटी हुई है और एक जंगला के ग्रिल को हेक्सा ब्लेड से काटा गया है। यह देखते ही बैंक कर्मियों के हाथ पांव फूल गए और इसकी सूचना चांददीयर चौकी प्रभारी सूरज सिंह को दी। सूचना पर पहुंचे चांददीयर प्रभारी ने इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी बैरिया अशोक कुमार सिंह व बैरिया एसएचओ संजय त्रिपाठी भी मौके पर पहुंच गए और बैंक में छानबीन शुरू कर दी। बैंक में लगे सीसी कैमरे को खंगालना शुरू किया तो देखा कि जंगले से चोर प्रवेश किए हैं और स्ट्रांग रूम में रखे लॉकर पर किसी लोहे के वजनदार हथियार से उसको तोड़ने के लिए उसपर प्रहार किए हैं। लेकिन वह टूट नहीं पाया तो विवश होकर बैंक से निकलकर भाग खड़े हुए हैं। क्षेत्राधिकारी बैरिया अशोक कुमार सिंह ने इबताया कि चोर बैंक में घुसे जरूर थे लेकिन कुछ चोरी नहीं किया गया है। साथ ही बताया कि इस मामले का पर्दाफाश बहुत जल्द करते हुए संबंधित दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाएगी ।