बैरिया। न खंभा लगा न तार, बिल आ गया लाखों का। दर्जनों ग्रामीण बिजली बिल लेकर अफसरों के दरवाजे पर दस्तक दे रहे हैं। कोई उनकी बातों को सुनने को तैयार नहीं है। विद्युत उपकेंद्र बैरिया अंतर्गत ग्राम पंचायत विशुनपुरा के पुरवा पंचमुखी के टोला का मामला है। यहां की गीता देवी, सुगंति देवी, गौरीशंकर, गणेश प्रसाद, दयाली प्रसाद, सुरेश बिंद, मनोज बिंद, चंद्रेश बिंद, दया बिंद, कृपा बिंद सहित कई लोगों को चार वर्ष पूर्व बिजली विभाग ने यह कहकर कनेक्शन दे दिया कि एक महीने में यहां बिजली के खंभे लगाकर तार खिंच दिए जाएंगे। कनेक्शन देने के बाद बिजली विभाग के लोग दोबारा उस गांव में नहीं गए। न तो खंभा लगा न तार। अलबत्ता सभी उपभोक्ताओं को बिजली विभाग ने जरूर बिल थमा दिया। बिल की भारी भरकम धनराशि का बिल देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए हैं। इस संदर्भ में कई बार विद्युत उपकेंद्र बैरिया पर जाकर ग्रामीणों ने इसकी शिकायत करते हुए कहा कि बिल आ रहा है। आप लोग तत्काल खंभा और तार हमारे गांव में लगा दीजिए। किसी ने ग्रामीणों की बातों को गंभीरता से नहीं लिया। आज स्थिति है कि बिना बिजली खंभा के दो दर्जन से अधिक ग्रामीणों के यहां किसी के पास 80 हजार तो किसी के पास 25 हजार रुपये का बिल पहुंचा है। इस समस्या के समाधान के लिए ग्रामीणों ने उप जिलाधिकारी बैरिया आत्रेय मित्र को सोमवार को प्रार्थना पत्र देकर उचित कार्रवाई की गुहार लगाई है। अवर अभियंता विनोद भारद्वाज ने बताया कि ग्रामीणों को अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड चार के यहां शिकायती पत्र देना चाहिए। वह हमसे जांच कर रिपोर्ट मांगेंगे तो वह जांच करके आख्या दे देंगे। बिजली बिल कैंसिल हो जाएगा। दूसरी तरफ, प्रधान संजय चौधरी का आरोप है कि बिजली विभाग बिल जमा करने के लिए दबाव बना रहा है। जब खंभा और तार की बात कही जाती है तो वह चुप्पी साध लेता है। अगर जल्द इस समस्या का समाधान नहीं हुआ तो पूरा गांव विद्युत उपकेंद्र बैरिया पर धरने पर बैठेगा।