बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के कुलपति योगेंद्र सिंह के द्वारा प्रायोगिक परीक्षा में अधिकतम 75 फीसदी अंक निर्धारित करने के खिलाफ छात्रों का हस्ताक्षर अभियान कई दिनों से चल रहा है। इस मुहिम के अंतर्गत बुधवार को कुंवर सिंह पीजी कॉलेज के छात्र नेताओं ने कुलपति का पुतला दहन किया। तत्पश्चात हस्ताक्षर अभियान चलाया। इस अवसर पर वर्तमान छात्रसंघ अध्यक्ष विशाल यादव एवं छात्र नेता चंदन यादव ने कहा कि विश्वविद्यालय में अपने से संबंधित सभी महाविद्यालयों में की परीक्षा में 75 फीसदी अंक सीमित करने का कार्य छात्र-छात्राओं से धन उगाही करने के लिए ऐसा कुकृत्य किया गया है, जो कुलपति के तानाशाही को दर्शाता है। भारतीय संविधान में किसी भी कुलपति को यह अधिकार नहीं देता है कि छात्र-छात्राओं को उनकी योग्यता के अनुसार प्रायोगिक परीक्षा परिणाम में नंबर देने से रोका जा सके। कहा कि हम छात्र कुलपति के इस फैसले को कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे। कहाकि अगर मांग नहीं मानी गई तो जनपद के सभी महाविद्यालयों की हजारों छात्र-छात्राएं धरना देने के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर पंकज, नीरज, अखिलेश, अजीत, शमशेर, अभिषेक, दीपक, मोहित, राहुल, शिवम, विकी सिंह, भूषण वर्मा, आशीष आदि मौजूद रहे।