बलिया। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की बैठक कुंवर सिंह इंटर कॉलेज के सभागार में रविवार को आयोजित हुई। जिसमें शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाता सूची की समीक्षा की गई तथा उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित शिक्षा चयन आयोग को भंग करके नए शिक्षा आयोग के गठन का विरोध किया गया।
प्रांतीय उपाध्यक्ष केपी सिंह ने बताया कि आयोग के गठन में सरकार द्वारा धारा 21 को विलुप्त कर दिया गया है जो माध्यमिक शिक्षकों के लिए सुरक्षा कवच था। प्रदेश नेतृत्व ने इस नए आयोग के गठन का विरोध किया है तथा आंदोलन करने का निर्णय भी लिया है। आंदोलन के क्रम में आठ 9 जनवरी को शिक्षक विद्यालयों में उपस्थित रहकर कार्य बहिष्कार करेंगे तथा 10 जनवरी को जनपद मुख्यालय पर बैठक के उपरांत मुख्यमंत्री को संबोधित 11 सूत्री मांगों का ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपेंगे। 7 फरवरी को लखनऊ पहुंचकर जिला निर्देशक कार्यालय पर शिक्षक विधायक चेत नारायण सिंह के नेतृत्व में होगा। पूर्व जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य अश्विनी कुमार तिवारी ने शिक्षकों का आह्वान करते हुए कहा कि नए शिक्षकों को अपना भविष्य सुरक्षित रखने के लिए आंदोलन में आगे आकर सरकार को अपने संगठन की शक्ति का एहसास कराना होगा। इस मौके पर राजेंद्र सिंह, जितेंद्र सिंह, भगवान सिंह, दिग्विजय सिंह, अयोध्या तिवारी, जयंत सिंह, निलेश कुमार उपाध्याय, रविंद्र प्रताप, आत्मानंद सिंह, हरीश चंद्र राय आदि रहे। अध्यक्षता आनंद शंकर सिंह व संचालन अरुण कुमार सिंह ने किया।