बलिया। जनपद में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन -व्यस्त हो गया है। बृहस्पतिवार को एसपी कार्यालय और पुलिस चौकी परिसर में जलभराव हो गया जिससे पुलिसकर्मियों समेत लोगों को दिक्कत हुई। बीते तीन सप्ताह से रुक-रुक हो रही लगातार कभी तेज तो कभी हल्की बारिश से धान की रोपाई का कार्य लगभग 70 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है। जबकि मक्के सहित अन्य फसलों बोआई प्रभावित हो रही है। वहीं नगर में बारिश के चलते एचएन 31 सहित विभिन्न कार्यालयों में जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई है।
बीते तीन सप्ताह से लगातार बारिश होने के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई है। लगातार बारिश के कारण खासकर दिहाड़ी मजदूरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि बारिश के चलते अधिकांश काम ठप पड़ गए हैं। वहीं बुधवार की शाम व गुरुवार को पूरे दिन रुक-रुक हुई बारिश से पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पुलिस लाइन, अग्निशमन कार्यालय तथा डायल 100 के कार्यालय के सामने जलभराव हो गया। जिसे नगरपालिका प्रशासन द्वारा पंप लगाकर पानी निकालने का कार्य किया गया। वहीं जापलिनगंज स्थित पुुलिस चौकी कार्यालय तथा आरक्षी बैरकों में पानी भर गय जिससे पुलिसकर्मियों को काफी दिक्कतों को सामना करना पड़ रहा है। सतीश चंद्र कॉलेज चौराहा पर जलभराव के चलते लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोग घुटने तक पानी से होकर आवागमन करने के लिए बाध्य हैं। उधर, लगातार बारिश का असर अब खेती पर भी पड़ने लगा है। किसानों का कहना है कि खरीफ के धान की रोपाई के लिए तो ठीक लेकिन अन्य फसलें अरहर, ज्वार, बाजरा, मूंग, उड़द आदि की बोआई नहीं हो पा रही है जिससे खेती अब पिछड़ने लगी है। किसानों ने बताया कि लगातार हो रही बारिश से धान के पौधे के भी नष्ट होने की संभावना है। लगातार बारिश से ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर नगरीय इलाकों तक जलनिकासी की समस्या गहरा गई है।