बलिया। रोडवेज बस डिपो के संविदा एवं नियमित कार्यरत चालकों तथा परिचालकों का सोमवार को सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक एवं नोडल अधिकारी पर सोमवार को गुस्सा फूट गया। इस दौरान कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि विगत एक सप्ताह से ज्यादा दिन से हम लोगों को प्रवासी श्रमिकों को उनके घर पहुंचाने के लिए लगाया गया है। लेकिन हम लोगों को किसी प्रकार की सुविधा नहीं दी जा रही हैं। सरकार द्वारा प्रतिदिन चालक परिचालकों के लिए सैनिटाइजर, ग्लब्स, मॉस्क देने का आदेश दिया गया है। साथ हम लोगों के खाने-पीने के लिए विभाग तथा जिला प्रशासन द्वारा किसी प्रकार की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। सोमवार को जब परिचालक मनंजय राय ने नोडल अधिकारी सुभाष राय से भोजन की मांग की तो नोडल अधिकारी ने उसे वाहन लेकर न जाने का पत्र दे दिया।
नोडल अधिकारी द्वारा इस प्रकार मना करने से चालक व परिचालकों में रोष व्याप्त है। चालकों परिचालकों का कहना है कि हम लोग महामारी में मनोयोग से काम कर रहे हैं। लेकिन नोडल अधिकारी द्वारा किसी भी कर्मचारी को भोजन की व्यवस्था नहीं की जा रही है। अगर यही रवैया रहा तो हम लोग कार्य करने में असमर्थ हैं। हम सभी कर्मचारियों को धमकी दी जा रही है कि आपकी संविदा समाप्त कर दी जाएगी। इस मौके पर गिरिजेश उपाध्याय, हरेराम गिरि, नीतीश राय, हरीश प्रसाद, मुन्ना यादव, पंकज राय, बबलू गुप्ता आदि रहे। इस बावत क्षेत्रीय प्रबंधक पीके तिवारी ने बताया कि चालक व परिचालकों के खाने-पीने की व्यवस्था करने का आदेश दिया गया है। यदि कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान भोजन नहीं मिल पा रहा है तो इसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।