बारिश का कहर: बलिया जेल में भरा पानी, 600 कैदियों को आजमगढ़ और 350 अंबेडकरनगर किया गया शिफ्ट
पिछले दो दिनों से हो रही भारी बारिश से बलिया जिला कारागार कुछ इस तरह जलमग्न हो गया है कि कैदी फिर आफत में फंस गए। बैरकों में घुटने तक पानी भर जाने से कैदियों को दूसरी जेलों में भेजने का निर्णय लिया गया।
विस्तार
लगातार बारिश से बैरकों में घुटने भर पानी भरने से शनिवार को बलिया जिला कारागार को खाली कराना शुरू करा दिया गया है। कुल 950 बंदियों को कड़ी सुरक्षा के बीच सरकारी बसों से आजमगढ़ और अंबेडकरनगर के जिला कारागार में भेजा जा रहा है।
गुरुवार की रात से जनपद में हो रही मूसलाधार बारिश ने जेल प्रशासन की फिर नींद उड़ा दी। पिछले दो दिनों से जिले में हो रही भारी बारिश से बलिया जिला कारागार के जलमग्न होने से कैदी आफत में फंस गए थे। बैरकों में घुटने तक पानी भर जाने से कैदियों को दूसरी जेलों में भेजने के लिए शासन को रिपोर्ट भेजी गई थी।
ये भी पढ़ें- बाहुबली विधायक की चेतावनी: आगरा जेल में बंद विजय मिश्र करेंगे आमरण अनशन, भ्रष्टाचार का लगाया आरोप
आजमगढ़ और मऊ की बुलाई गई पुलिस
इस पर डीजी जेल ने बंदियों को आजमगढ़ और अंबेडकरनगर की जेल में स्थानांतरित करने के लिए जिलाधिकारी और एसपी को पत्र लिखकर निर्देशित किया था। कड़ी सुरक्षा के बीच बंदियों को सरकारी बसों से बलिया से रवाना किया जा रहा था। बंदियों की संख्या अधिक होने के कारण उनकी सुरक्षा में बलिया के अलावा आजमगढ़ और मऊ जिले से पुलिस फोर्स बुलाई गई है।
सुरक्षा-व्यवस्था के किए सख्त इंतजाम
बंदियों को दूसरे जेल में शिफ्ट कराने के दौरान रिमझिम बरसात में आजमगढ़ परिक्षेत्र के डीआईजी अखिलेश कुमार, डीआईजी जेल एके सिंह, एसपी बलिया राजकरन नय्यर के साथ ही अन्य आलाधिकारी जमे हुए थे। सुबह 11 बजे से कुंवर सिंह चौराहा से एनसीसी तिराहा तक सड़क को सील कर दिया गया था।
वर्ष 2019 में भी खाली कराई गई थी जेल
जिला कारागार में पानी भरने की ये कोई नई घटना नहीं है। वर्ष 2019 में भी जिला कारागार के जलमग्न होने से 863 बंदियों को आजमगढ़ और अंबेडकरनगर की जेलों में स्थानांतरित किया गया था।
बलिया जिला कारागार के जेलर राजेंद्र सिंह, जेलर ने बताया कि बलिया जेल में जलभराव होने के कारण वहां के बंदियों को आजमगढ़ जेल और अंबेडकरनगर जेल स्थानांतरित किया गया है। 600 बंदियों को आजमगढ़ और 350 बंदियों को कड़ी सुरक्षा में अंबेडकरनगर की जेल में भेजा जा रहा है। सभी बंदियों को भेजने में अभी समय लगेगा। 950 बंदियों में 50 महिला बंदी शामिल हैं, जिन्हें पहले ही भेज दिया गया।