बलिया। जनपद में 31 जनवरी से पल्स पोलियो अभियान शुरू किया जाएगा। इस अभियान को सुचारु रुप से संचालित कराने के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक विकास भवन में शनिवार को संपन्न हुई। अभियान के तहत जन्म से पांच वर्ष तक के करीब 4.95 लाख बच्चों को पोलियो खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. एके मिश्रा ने बताया कि यह खुराक पांच वर्ष से कम उम्र के सभी बच्चों के लिए आवश्यक है। पांच वर्ष तक की आयु के बच्चों को बार-बार खुराक पिलाने से पूरे क्षेत्र में इस बीमारी से लड़ने की क्षमता बढ़ती है और पोलियो के विषाणु को पनपने से रोकती है। पोलियो या पोलियोमेलाइटिस एक गंभीर और खतरनाक बीमारी है। पोलियो वायरस से होता है। यह वायरस एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति तक फैलता है। साथ ही यह वायरस जिस भी व्यक्ति में प्रवेश करता है उसके मस्तिष्क और रीढ़ की हड्डी को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचाता है। जिसकी वजह से लकवा भी हो सकता है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि इस चरण के लिए जन्म से पांच वर्ष तक के 4.95 लाख बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस चरण के लिए जिले भर में 1601 बूथ बनाए गए हैं। इसके अलावा 90 मोबाइल टीम भी बनाई गई है। इसके साथ ही अभियान के लिए 835 टीमें बनायी गई हैं, बी-टीम द्वारा 9 फरवरी को दवा पिलाई जाएगी। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ विपिन जैन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजेंद्र प्रसाद, डिप्टी कलेक्टर/ कार्यवाहक जिला कार्यक्रम अधिकारी सीमा पांडेय, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, समस्त अधीक्षक/ प्रभारी चिकित्सा अधिकारी आदि रहे।