बलिया। रेलवे प्रशासन की ओर से त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुविधा के लिए सात फेरों में ग्वालियर-बरौनी-ग्वालियर (01901/01902) विशेष पूजा एक्सप्रेस ट्रेन के संचालन की घोषणा की गई है। इसका संचालन 15 अक्तूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को किया जाएगा। गाड़ी में सभी कोच आरक्षित श्रेणी के होंगे। यात्रा करने वाले यात्रियों को कोविड-19 के मानकों का पालन करना होगा।
ग्वालियर-बरौनी (01901) विशेष पूजा एक्सप्रेस 15 अक्टूबर से 26 नवंबर तक ग्वालियर से सुबह 07.25 बजे प्रस्थान करेगी। डाबरा, दतिया, झांसी, नेवाड़ी, महोबा, बांदा, चित्रकूटधाम, प्रयागराज, ज्ञानपुर रोड, बनारस, गाजीपुर सिटी होते हुए दूसरे दिन बलिया पहुंचेगी। यहां से रात 01.25 बजे रवाना होकर छपरा, सोनपुर, हाजीपुर, शाहपुर पटोरी होते हुए सुबह सात बजे बरौनी पहुंचेगी। वहीं, बरौनी-ग्वालियर (01902) विशेष पूजा एक्सप्रेस गाड़ी 16 अक्टूबर से 27 नवंबर तक बरौनी से सुबह 09.15 बजे प्रस्थान कर बलिया पहुंचेगी। यहां से दोपहर 14.25 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 09.30 बजे ग्वालियर पहुंचेगी। जनसंपर्क अधिकारी वाराणसी अशोक कुमार ने बताया कि विशेष गाड़ी में एसएलआर श्रेणी के दो, सामान्य श्रेणी के सात, स्लीपर श्रेणी के 10 तथा वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के एक कोच सहित कुल 20 कोच लगाए जाएंगे।