बलिया। ददरी मेले के मीना बाजार की तैयारियां धीरे-धीरे तेज हो रही है। मंगलवार को नगर मजिस्ट्रेट प्रदीप कुमार की मौजूदगी में अपराह्न चार बजे दुकानदारों को भूमि आवंटित करने की प्रक्रिया आरंभ की गई। इस बार नए कारोबारियों ने भी मेले के प्रति रुचि दिखाई है। 170 नए दुकानदारों ने आवेदन किए हैं। मीना बाजार में भूमि लेने के लिए करीब 470 दुकानदारों ने आवेदन किया था, जिनमें तीन सौ पुराने हैं।
मेले में तैयारी के लिए सिटी मजिस्ट्रेट ने नपा कर्मियों की दो टीमों बनाई। पहली टीम को पुराने दुकानदारों को भूमि आवंटित करने और दूसरी टीम के जिम्मे नए दुकानदारों को मेले में आबाद करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नंदी ग्राम स्थित नपा के कार्यालय पहुंचे नगर मजिस्ट्रेट ने व्यापारियों से विचार-विमर्श कर वर्ष 2019 में लागू रेट में 10 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी कर भूमि आवंटन करने का निर्देश दिया। बता दें कि वर्ष 2019 में ददरी मेला के मीना बाजार के दक्षिणी गेट की तरफ 2500 रुपये, मीना बाजार के मध्य में 1900 रुपये और उतरी गेट की तरफ 2100 रुपये प्रति लट्ठा आवंटित की गई थी, जिसे बढ़ाकर इस बार दक्षिणी गेट की तरफ 2750 रुपये, मध्य में 2090 और उतरी गेट की तरफ 2310 रुपया निर्धारित किया गया है। भूमि आवंटन के दौरान तहसीलदार सदानंद सरोज, ईओ दिनेश कुमार विश्वकर्मा, मीनाबाजार के थानाध्यक्ष नंद कुमार तिवारी, नपा के कार्यालय अधीक्षक रविंद्र सिंह, सभासद विकास पांडेय लाला, व्यापारी नेता अशोक कुमार गुप्ता, राधव मिश्रा आदि रहे।