बलिया। कोरोना के चलते रमजान माह में पहली बार शुक्रवार को अलविदा की नमाज घरों में अदा की गई। मुस्लिम बंधुओं ने घरों में नमाज के बाद कोरोना से निराज की दुआ की।
विशुनीपुर और बहेरी मस्जिद के पास के इलाके की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। सुबह लोग मस्जिदों के पास जुटने जरूर शुरू हुए थे लेकिन इमाम ने सख्ती से मना कर दिया और घरों में ही नमाज अदा करने की बात कही। कहा कि अल्लाह भी हमारी दिक्कतों को समझ रहे हैं और उम्मीद है कि जल्द ही हमें कोरोना महामारी से मुक्ति मिल जाएगी। इसके बाद लौटकर लोगों ने घरों में नमाज अदा की और कोरोना से निजात के लिए दुआ की। नगर के विशुनीपुर, उमरगंज, बहेरी, परमंदापुर, बिजयीपुुर, जंगेअली मोहल्ला, राजपूत नेवरी समेत ग्रामीणांचलों में मुस्लिम बंधुओं ने रमजान माह की अंतिम जुमे की नमाज घरों में ही अदा की। सहतवार कस्बा में भी अलविदा की नमाज बडी़ मस्जिद, जामिया इस्लामिया मदरसा मौलाना इस्माइल, हाफीज साहब व मदरसा के दो छात्रों ने सीमित संख्या में सोशल डिस्टेंटिंग का पालन करते हुए नमाज अदा की। मौलाना इस्माइल साहब ने बृहस्पतिवार की शाम सभी मुस्लिम बंधुओं से अपील की थि की अल्लाह की इबादत अपने घर पर ही रहकर नमाज अदा करें। उधर, सुरक्षा के मद्देनजर पुलिसकर्मी घूमते नजर आए।