बलिया: मुख्तार के साथ फोटो मिलने पर जांच के लिए जिपं सदस्य के घर पहुंची पुलिस, गरमाई सियासत
मुख्तार के साथ फोटो मिलने पर जब पुलिस जिला पंचायत सदस्य के घर पहुंची तो उन्होंने आरोप लगाया कि जिपं सदस्य चुनाव प्रभावित करने की नीयत से उन्होंने प्रताड़ित किया जा रहा है।
विस्तार
बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के साथ बलिया जिले के बेल्थरारोड के जिला पंचायत सदस्य एवं अखोप निवासी जनार्दन यादव की फोटो फेसबुक पर वायरल हो रही है। इसकी जांच के लिए शनिवार देर रात उभांव पुलिस ने जनार्दन सिंह यादव के घर पर दबिश दी। इसको लेकर जिले की सियासत गरमा गई। वहीं, रविवार को जनार्दन यादव ने पुलिस पर परिजनों को परेशान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जिला पंचायत चुनाव को प्रभावित करने की नीयत से प्रताड़ित किया जा रहा है।
उभांव पुलिस ने बताया कि एक शिकायत मिली थी कि जिला पंचायत सदस्य की एक फोटो मुख्तार अंसारी के साथ वायरल हो रही है। इसके कारण उनके मुख्तार के साथ कनेक्शन होने की जांच की जा रही है। इसके अलावा उनके घर मणिपुर के नंबर की एक संदिग्ध वाहन भी है, जिस पर लगा नंबर फर्जी है। इसकी जांच करना नितांत आवश्यक था।
इसे गंभीरता से लेते हुए उभांव पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। उधर क्षेत्र के सभी पांच जिला पंचायत सदस्यों की सुरक्षा को लेकर पुलिस परिजनों के संपर्क में है। जनार्दन यादव के घर रविवार की सुबह सपा के पूर्व मंत्री अंबिका चैधरी, नारद राय, सनातन पांडेय, पूर्व विधायक संग्राम सिंह यादव, जयप्रकाश अंचल, गोरख पासवान, पूर्व जिलाध्यक्ष आद्याशंकर यादव समेत अन्य नेता पहुंच गए।
परिजनों से मुलाकात की। वार्ड 28 से निर्दल जिला पंचायत सदस्य एवं कांग्रेसी नेता जनार्दन यादव ने बताया कि उन्होंने फेसबुक पर पोस्ट डाली थी। पुलिस रात को करीब एक बजे मेरे घर जाकर मेरे परिवार को डरा धमका रही है। जिला पंचायत चुनाव को प्रभावित करने की नीयत से प्रताड़ित किया जा रहा है।