जहरीली गैस से घुटा दम: बलिया में हैंडपंप की मरम्मत के लिए गड्ढे में उतरे थे दो मजदूर, एक की मौत, दूसरा गंभीर
हैंडपंप की मरम्मत करने के लिए दो मजदूर गड्ढे में सीढ़ी के सहारे नीचे उतरे। उसी गड्डे के समीप शौचालय की टंकी से जहरीली गैस का रिसाव हो रहा था। उसकी चपेट में आने से दोनों का दम घुटने लगा।
विस्तार
यूपी के बलिया जिले के नागपुर गांव में शुक्रवार की दोपहर हैंडपंप ठीक करने गड्ढे में उतरे दो मजदूर पास ही शौचालय की टंकी से जहरीली गैस रिसाव की चपेट में आ गए। इसमें एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर है। सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंच गई।
रसड़ा थाना क्षेत्र के नागपुर गांव निवासी शिवजी वर्मा के हैंडपंप की मरम्मत करने के लिए मजदूर शिवजी खरवार (45) निवासी सखुआपार और घूरा राजभर (46) निवासी अनूपनगर रसड़ा गड्ढे में सीढ़ी के सहारे नीचे उतरे। उसी गड्डे के समीप शौचालय की टंकी से जहरीली गैस का रिसाव हो रहा था।
उसकी चपेट में आने से उनका दम घुटने लगा। इससे दोनों मजदूर गड्ढे में बेहोश हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से दोनों मजदूरों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां शिवजी खरवार को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घूरा राजभर की स्थिति गंभीर है।
नीलगाय से टकराई बाइक, युवक की मौत
बाइक से रिश्तेदारी जा रहे युवक की नीलगाय से टकराने के बाद मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। नरहीं थाना क्षेत्र के अमांव गांव निवासी मेराज (28) पुत्र इस्राफील शुक्रवार को अपने घर से दौलतपुर अपने ननिहाल के लिए निकला था।
सुबह 11 बजे बसंतपुर गांव के पास बाइक के सामने अचानक नीलगाय आ गई जिससे टकराने के बाद वह जख्मी हो गया। ग्रामीणों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरहीं लाया जा रहा था कि रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। इस घटना की जानकारी जैसे ही परिजनों को हुई परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।