बलिया। दुबहर थाना क्षेत्र के शिवरामपुर ढाला के समीप ई रिक्शा और कार की बृहस्पतिवार की देर शाम आमने-सामने टक्कर हो गई। इससे ई-रिक्शा पर सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने एक वृद्ध को मृत घोषित कर दिया।
हल्दी थाना क्षेत्र के परसिया गांव निवासी विश्वनाथ ओझा (55), उनकी पत्नी अंजू देवी (46), परसिया गांव निवासी अक्षय कुंवर (56) और उनकी पत्नी रासमुनि देवी (48) बृहस्पतिवार देरशाम जिला मुख्यालय से ई-रिक्शा पर सवार पर होकर अपने गांव जा रहे थे। अभी ई रिक्शा दुबहर थाना क्षेत्र के शिवरामपुर चट्टी के समीप पहुंचा ही था कि हल्दी की तरफ से जिला मुख्यालय की ओर जा रही कार ने ई-रिक्शा को सामने से टक्कर मार दी। इससे ई रिक्शा पर सवार विश्वनाथ ओझा तथा उनकी अंजू देवी, अक्षय कुंवर व उनकी रासमुनि देवी घायल हो गईं। आसपास के लोगों ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान अक्षय कुंवर को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इस बाबत थानाध्यक्ष दुबहर राजेश कुमार मिश्र ने बताया ई रिक्शा और कार में हुई टक्कर के बाद पुलिस कार को पकड़ कर थाने लाई। वहीं, अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली। तहरीर मिलने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।