बलिया। आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय कला मंच मेरठ प्रान्त द्वारा आयोजित ऑनलाइन राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी में राजकीय इंटर कॉलेज बलिया के कला शिक्षक एवं वरिष्ठ चित्रकार डॉ.इफ्तेखार खान की आयल कलाकृति ‘बलिया क्रांति 1942’ उत्तर प्रदेश की ओर से प्रदर्शित हुई। प्रदर्शनी में देश भर से 180 चित्रकारों की कलाकृतियों को प्रदर्शित किया गया, जिसमें आसाम, मणिपुर, पश्चिम बंगाल, उड़ीसा, झारखण्ड, छत्तीसगढ़, बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना, कर्नाटक, अंडमान निकोबार और कैलफोर्निया के चित्रकारों की पेन्टिंग प्रदर्शित हुई। इसमेें अलग-अलग विश्वविद्यालयों के 9 प्रोफेसर, 36 नवोदय, केंद्रीय विद्यालय, राजकीय, माध्यमिक के अलावा देश प्रसिद्ध विख्यात कलाकारों ने भाग लिया। डॉ. इफ्तेखार खां ने बताया की बलिया की अगस्त क्रांति 1942 के दौरान 18 अगस्त को बैरिया थाने पर यूनियन जैक उतारकर तिरंगा फहराते समय जनपद के कौशल किशोर सिंह सहित लगभग 20 लोग शहीद हो गए थे। सेनानियों के बलिदान को भावी पीढ़ीयों एवं देश में बलिया के योगदान को बताने के लिए सत्य घटना पर आधारित काल्पनिक चित्रण बनाकर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी है। प्रदर्शनी का आयोजन राष्ट्रीय कला मंच मेरठ प्रान्त के संयोजक चित्रकार एवं शिक्षक मनोज सिंह ने बताया कि ऑनलाइन राष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित कर पूरे भरत वर्ष के चित्रकारों की कार्यशाला में बनाई गई पेंटिग की प्रदर्शनी लगाई गयी है।