पंदह। नेशनल हाईवे 727बी के निर्माण कार्य को सोमवार को मलावार गांव के ग्रामीणों ने मुआवजा न मिलने के विरोध में रोक दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि प्रशासन और कार्यदायी संस्था ने बिना भुगतान किए ही जबरन कार्य शुरू करा दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी जमीन सड़क व नाला निर्माण में चली गई, लेकिन अब तक उन्हें मुआवजा नहीं मिला। मलावार निवासी उदय नरायण यादव ने इस संबंध में एडीएम को प्रार्थना पत्र देकर मुआवजा दिलाने की मांग भी की थी, लेकिन भुगतान अब तक लंबित है।
ग्रामीणों ने बताया कि गायत्री देवी, रामेश्वरी देवी, रामप्रकाश, जनार्दन प्रसाद, संतोष कुमार, सुशीला देवी, राजन व मनीष, कैलाश शर्मा, अनिल शर्मा, संजय शर्मा, मनोज शर्मा, जयप्रकाश शर्मा व जयप्रकाश प्रजापति सहित कई लोगों को अब तक मुआवजा नहीं मिला है। उनकी जमीन पर जबरन नाला निर्माण का कार्य शुरू करा दिया गया है। ग्रामीणों ने चेताया कि जब तक मुआवजा नहीं दिया जाता, तब तक किसी भी निर्माण कार्य को आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा। उनका कहना है कि सरकार विकास कार्य तो करा रही है, लेकिन प्रभावित किसानों को उनके अधिकार से वंचित किया जा रहा है। इस संबंध में उपजिलाधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि सभी प्रभावितों की मुआवजा पत्रावली बनाकर भुगतान के लिए भेज दी गई है। यदि किसी का भुगतान शेष रह गया है तो जांच कर शीघ्र ही उसका निस्तारण करते हुए मुआवजा दिया जाएगा।