Youth Day: बलिया पहुंचे स्वतंत्रदेव सिंह, बोले- स्वामी विवेकानंद के कार्यों को आगे बढ़ा रहे नरेंद्र मोदी
बलिया के गांधी इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित स्वामी विवेकानंद प्रतिभा सम्मान समारोह में मंत्री एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। इस दौरान उन्होंने छात्रों को संबोधित किया।
विस्तार
जातिवाद, क्षेत्रवाद, ऊंच-नीच के दौर से जब भारत माता जकड़ी हुई थीं, तब स्वामी विवेकानंद बंगाल की धरती पर जन्म लेकर घर-परिवार छोड़ भारत माता को आजाद कराने के लिए दिन-रात भटकते रहे। किसी के सुझाने पर रामकृष्ण परमहंस के यहां पहुंचे। उनके कहने पर मां काली के दर्शन किए और भारत माता को आजाद कराने तथा देश को बदलने के लिए निकल पड़े।
उक्त बातें गुरुवार को गांधी इंटर कॉलेज के मैदान में स्वामी विवेकानंद प्रतिभा सम्मान समारोह में मंत्री एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने कहीं। कहा कि स्वामी विवेकानंद का उद्देश्य था कि भारत माता की पूजा करो, जातिवाद, धर्मवाद, क्षेत्रवाद, ऊंच-नीच समाप्त हो। आज उस अधूरे कार्यों को गुजरात से जन्मे नरेंद्र मोदी आगे बढ़ाने के लिए लगे हैं।
स्वामी विवेकानंद ने 40 वर्ष की उम्र में कहा था कि देश अब चल चुका है। आज मोदी के युग में छात्र-छात्राएं, नौजवान के लिए आगे बढ़ने का दरवाजा खुल चुका है। आज ईमानदार, ज्ञानी, राष्ट्रभक्त जो होगा, वही देश पर राज करेगा। आज विश्व की कंपनियां भारत सहित उत्तर प्रदेश में अपना कारोबार करना चाहती हैं।
युवाओं के प्रेरणा स्रोत स्वामी विवेकानंद
विशिष्ट अतिथि राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि युवाओं के प्रेरणा स्रोत स्वामी विवेकानंद हैं। स्वामी विवेकानंद का जीवन बहुत ही कठिन रहा है। संन्यास, वैराग्य को उन्होंने चुना और अपने लिए नहीं बल्कि देश और समाज के लिए काम करते रहे। इसलिए आज भी वह युवाओं के प्रेरणास्रोत हैं। विशिष्ट अतिथि शंकराचार्य परिषद के अध्यक्ष आनंद स्वरूप महाराज, पूर्व विधायक संजय यादव, पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी, डॉ. देवेंद्रनाथ सिंह, छट्ठू राम, केशव चौधरी आदि ने संबोधित किया।
अध्यक्षता जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू और संचालन डॉक्टर विद्यासागर उपाध्याय ने किया। आयोजक विद्यार्थी परिषद के पूर्व संगठन मंत्री आकाश तिवारी ने अतिथियों को सम्मानित किया। मुख्य अतिथि ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में सर्वोच्च अंक हासिल करने वाले सैकड़ों छात्र-छात्राओं को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
देश की उन्नति के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दो
स्वामी विवेकानंद जयंती पर जूनियर हाईस्कूल सिकंदरपुर में आयोजित विचार गोष्ठी में परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि भारत भ्रमण के दौरान यहां की गरीबी एवं दरिद्रता को देखकर स्वामीजी का हृदय द्रवित हो उठा था। उन्होंने ‘दरिद्र देवो भव’ का नारा दिया। धर्म का प्रथम कर्तव्य दरिद्र एवं दुखीजन की सेवा करना बताया।
स्वामीजी ने देश की समस्या दूर करने के लिए जातिगत नहीं राष्ट्रगत परिश्रम करने का आह्वान किया था। आज प्रधानमंत्री मोदी उसी सोच के साथ सबका साथ, सबका विकास एवं सबका विश्वास के नारे के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक खुशहाली लाने का कार्य कर रहे हैं। सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने कहा कि स्वामीजी पुरोहितों के पाखंड को देश के विकास में बाधक मानते हुए कहा था कि अगले 50 वर्षों तक सभी देवी-देवताओं को भूलकर मात्र भारत माता की आराधना करो। इनकी उन्नति के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दो।