बलिया। बकाया पीएफ, एरियर ,एनपीएस और एलआईसी के भुगतान करने की मांग को लेकर नगर पालिका कर्मचारियों ने नगर पालिका में तालाबंदी कर दी और पालिका परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। नगर पालिका कर्मियों ने कहा कि जब तक उनकी यह मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक वह हड़ताल पर रहेंगे। हड़ताल के चलते नगर पालिका में कामकाज भी प्रभावित रहा। इसके पूर्व नपा कर्मचारियों ने नगर के टाउनहाल से जुलूस निकाला और प्रदर्शन करते हुए नपा कार्यालय पहुंचे। नगर पालिका के कर्मचारी लंबे समय से रुके हुए पीएफ, एनपीएस और एलआईसी के अलावा एरियर के भुगतान की मांग कर रहे हैं। अपनी मांगों को लेकर नपा कर्मियों ने मंगलवार को नगर पालिका के कार्यालयों पर ताला जड़ दिया। साथ ही नारेबाजी के बीच प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का कहना था यदि उनकी मांगें पूरी न की गईं तो वह सफाई व्यवस्था और जलापूर्ति भी ठप कर देंगे। आंदोलित कर्मचारियों में स्वायत कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष अनिल सिंह, महामंत्री भारत भूषण मिश्र, स्वायत्त सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष किशन कुमार, आउटसोर्सिंग कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रजनीश, रविंद्र सिंह, प्रमोद सिंह, राजाराम रावत, अभिनव कुमार, सनी कुमार, अनुभव, अभिषेक, श्याम जी, कौटिल्य, रितेश भारती, राजेश रावत, मिंटू आदि शामिल रहे।

नगर के टाउन हाल बापू भवन से जुलूस निकालकर नपा कार्यालय में प्रदर्शन करते नपा के सफाई कर्मचारी।- फोटो : BALLIA