बलिया: घटिया निर्माण कार्य देख भड़के विधायक, काम बंद कर भागे जेई और ठेकेदार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बलिया जिले के बैरिया क्षेत्र के रानीगंज भागड़ नाला पुल के एप्रोच मार्ग के पुनर्निर्माण में मानक के विपरीत कार्य देख बैरिया विधायक सुरेंद्र सिंह भड़क गए। उन्होंने मौके पर मौजूद ठेकेदार व इंजीनियर को भगा दिया और बोरियों में रखे सामानों को फेंकवा दिया। इसके बाद काम बंद हो गया।
गुरुवार की देर शाम विधायक रानीगंज-बैरिया को जोड़ने वाले भागड़ नाला पुल के एप्रोच मार्ग के पुनर्निर्माण की प्रगति को देखने के लिए पहुंचे थे। तभी उन्होंने देखा कि अवर अभियंता कमलेश कुमार गुप्त की उपस्थिति में ठेकेदार सड़ी हुई पुरानी खाली सीमेंट की बोरियों में राबिश व बालू भरवाकर कटे हुए एप्रोच मार्ग पर डलवा रहा था।
विधायक ने पूछा कि एक बोरी के लिए 14 रुपये का भुगतान हो रहा है फिर 50 पैसे की फटी हुई बोरियां क्यों डलवा रहे हो, क्या चाहते हो कि दोबारा एप्रोच मार्ग बह जाए। कुल एक लाख बोरियां डाली जानी हैं, उसी में लाखों के वारे-न्यारे के चक्कर में प़ड़े हो, ऐसा मैं कत्तई नहीं होने दूंगा।
ऐसा तुम लोग क्यों कर रहे हो। ठेकेदार व अवर अभियंता को जवाब देते नहीं बन रहा था। इसके बाद उन्होंने काम बंद कराते हुए दोनों को वापस लौटा दिया। सैकड़ों पुरानी बोरियों में बालू व राबिस भरा गया था, जिसे विधायक फेंकवा दिया।
विधायक ने वहीं से सहायक अभियंता से बात की तो उन्होंने आश्वस्त किया कि एक भी पुरानी बोरी नहीं डाली जाएगी, अब नई बोरियां डाली जाएगी। साथ ही पुरानी बोरियों का पैसा ठेकेदार के पेमेंट से काटा जाएगा।
बैरिया विधायक सुरेंद्र सिंह ने कहा कि पुरानी बोरियों में कूड़ा भरकर एप्रोच बनाया जा रहा था। काम रोक अधिकारियों से बात की तो उन्होंने आश्वस्त किया है कि नई बोरियों में बालू आदि भरकर एप्रोच बनाया जाएगा और ठेकेदार के पेमेंट में आज इस्तेमाल हुई सामग्री का पैसा वसूल किया जाएगा।