Ballia News: 10 दिन में पांच बार तोड़ी गई महाराजा सुहेलदेव की प्रतिमा, हंगामे के बीच पहुंचे एसडीएम; तहरीर
यूपी के बलिया में 10 दिन में पांचवी बार महाराजा सुहेलदेव की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने के बाद लोगों ने जमकर हंगामा किया। इसकी सूचना पाकर माैके पर अधिकारी और पुलिसफोर्स पहुंच गई।
विस्तार
Ballia News: बलिया के गड़वार थाना क्षेत्र के नराव में सड़क के किनारे स्थित महाराज सुहेलदेव की प्रतिमा को 10 दिन के अंदर पांचवीं बार अराजकतत्वों ने बीती रात क्षतिग्रस्त कर दिया। इसको लेकर ग्रामीणों में आक्रोश जताया।
सूचना पर पहुंचे प्रशिक्षु क्षेत्राधिकारी सुधीर सिंह, एसडीएम रसड़ा रवि कुमार और फोर्स ने काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों को शांत कराया। तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया। प्रतिमा की मरम्मत कराई जा रही है।
चिलकहर-कुरेजी मार्ग के नराव गांव के सामने सड़क किनारे घोड़े पर सवार महाराजा सुहेलदेव राजभर की प्रतिमा 15 साल से स्थापित है। बगल में राजभर बस्ती भी है। शनिवार की रात लोगों ने देखा की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। सैकड़ों की संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। इसका विरोध करना शुरू कर दिया। सूचना 112 नंबर पुलिस को दी।
पुलिस ने की कार्रवाई
सूचना के बाद प्रशिक्षु क्षेत्राधिकारी सुधीर सिंह सहित कई थानों की मौके पर पहुंच गई। स्थिति को देखते हुए एसडीएम रसड़ा रवि कुमार भी आ गए। एसडीएम ने आश्वासन दिया कि प्रतिमा के चारों तरफ रेलिंग लगाकर ऊपर छत का निर्माण करा दिया जाएगा।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि ग्रामीणों की तहरीर पर अज्ञात अराजकतत्वों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है। तीन घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीण शांत हुए। मौके पर फोर्स तैनात कर दी गई है। एसडीएम रसड़ा रवि कुमार ने बताया कि चिलकहर खंड विकास अधिकारी से निर्माण करने के लिए कहा गया है। गड़वार थानाध्यक्ष राजेश बहादुर सिंह ने बताया कि अराजकतत्वों के खिलाफ मुकदमा किया गया है।