Ballia: लव जिहाद देश के लिए कैंसर, प्रवीण तोगड़िया बोले- भारत को अफगानिस्तान बनाने का चल रहा प्रयास
अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के संस्थापक अध्यक्ष प्रवीण भाई तोगड़िया सोमवार को बलिया पहुंचे। पत्रकारों से बातचीत में लव जिहाद और हिजाब को लेकर खुलकर बातें की।
विस्तार
अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के संस्थापक अध्यक्ष प्रवीण भाई तोगड़िया सोमवार को बलिया पहुंचे। पत्रकारों से बातचीत में लव जिहाद और हिजाब को लेकर खुलकर बातें की। उन्होंने लव जिहाद को देश के लिए कैंसर बताया। केंद्र सरकार से इस पर सख्त कानून बनाने की मांग की। हिजाब को लेकर कहा देश को अफगानिस्तान बनाने की कोशिश हो रही है।
उन्होंने कहा कि भारत के गांव और गलियों में मेरे साथ लाखों लोग जुड़ चुके हैं। मैंने नवरात्र में लोगों को तीन प्रोग्राम दिए थे। कन्या पूजन, शस्त्र पूजन और चंडी पाठ। देश के गांवों और गलियों में 92300 स्थानों पर ये कार्यक्रम हुए। दावा किया कि जिस तरीके से डंके की चोट पर राम मंदिर बना। इसी तरीके से काशी और मथुरा के मंदिर भी बनेंगे। देश में जनसंख्या नियंत्रण का कानून भी लागू होगा। किसानों को फसल के दाम भी दिलवाएंगे।
भाजपा की मार्केटिंग कर रहे ओवैसी
एआईएमआईएम प्रमुख असादुदीन ओवैसी पर एक सवाल के जवाब में कहा कि वो भाजपा की मार्केटिंग कर रहे हैं। आप ओवौसी को दिखाना बंद कर दो तो वो बोलना बंद कर देंगे। लव जिहाद पर कहा कि हमने सभी बेटियों को ट्रेनिंग देना शुरू किया है।
केंद्र सरकार को भी एंटी लव जिहाद कानून बनाना चाहिए। विश्वास है कि 2024 के लोकसभा चुनाव के पहले काशी, मथुरा के मंदिर निर्माण के लिए भी कानून बन जाएगा। हिजाब पर कहा कि संस्थान तय करेंगे कि उनके यहां ड्रेस कोड क्या होगा। इसके बाद लोग चाहें तो अपने बच्चों को वहां पढ़ने के लिए भेजें या नहीं। संस्थानों में हिजाब पर रोक के बाद भी विभिन्न संगठनों की ओर से हिजाब की पैरवी पर कहा कि भारत को अफगानिस्तान बनाने का प्रयास चल रहा है।
हिंदू ही आगे के नारे को किया बुलंद
इससे पहले शहर के बापू भवन टाउन हॉल में अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद, राष्ट्रीय बजरंग दल के संस्थापक प्रवीण तोगड़िया ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने मंच से हिंदू ही आगे के नारे को बुलंद किया। कहा की देश में हिंदुओं की सुरक्षा के लिए जनसंख्या कानून, समान नागरिक कानून, लव जिहाद कानून, काशी, मथुरा में मंदिर निर्माण के लिए भी यथाशीघ्र कानून बनाया जाए। कहा कि अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद हिंदू हेल्प लाइन, हेल्थ लाइन, गरीबों के लिए एक मुट्ठी अनाज वितरण कर गरीबों की मदद कर रहा है।