चिलकहर। डीआईजी आजमगढ़ सुभाष चंद दुबे ने बृहस्पतिवार को गड़वार थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अभिलेखों के रखरखाव की जानकारी लेने के साथ ही महिला हेल्प डेस्क कार्यालय, कंप्यूटर कक्ष का मुआयना किया। निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने पंचायत चुनाव के मद्देनजर इलाकाई अपराधियों पर नकेल कसने की हिदायत प्रभारी थानाध्यक्ष को दी। साथ ही महिला उत्पीड़न से संबंधित दर्ज मामलों, गैंगस्टर का नंबर-8 रजिस्टर, माल खाना का निरीक्षण किया और थाना परिसर में साफ-सफाई का जायजा लिया। इसके बाद, पैदल रूट मार्च करते हुए डीआईजी त्रिकालपुर तिराहे पर पहुंचे और वहां पुलिस बूथ का लोकार्पण किया।
इसके पहले, गड़वार थाना के एसआई वरुण कुमार समेत पांच पुलिसकर्मियों ने डीआईजी को सलामी दी। उसके बाद डीआईजी ने थाने में महिला हेल्प डेस्क के रजिस्टर को देखा। प्रभारी प्रियंका यादव को महिला उत्पीड़न से संबंधित शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने का निर्देश दिया। मालखाने का निरीक्षण के बाद डीआईजी कार्यालय पहुंचे और अपराध रजिस्टर सहित त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से संबंधित सभी बिंदुओं पर चर्चा की। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन ताड़ा, अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार, क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक राजीव सिंह, एसआई वरुण कुमार, ताखा चौकी इंचार्ज कमला सिंह यादव, चौकी इंचार्ज रतसर राम अवध, हेड कांस्टेबल लव कुमार, वीरेंद्र यादव, सुजीत सिंह आदि उपस्थित रहे। वहीं, डीआईजी के आने की खबर पर थाने का एक नया रूप देखने को मिला। थाना परिसर में बृहस्पतिवार को चारों तरफ साफ-सफाई की मुकम्मल व्यवस्था के साथ ही सभी पुलिसकर्मी चुस्त-दुरुस्त नजर आए। इसे लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चा रही।